76th Republic day: 76वां गणतंत्र दिवस आज: ‘गोल्डन इंडिया’ थीम,कब शुरू होगी परेड और झांकियों में क्या-क्या
आज 76वां गणतंत्र दिवस है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह 10:30 बजे कर्तव्य पथ पर तिरंगा फहराएंगी। उसके बाद परेड शुरू होगी, जो करीब 90 मिनट चलेगी। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो चीफ गेस्ट होंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी, राजनाथ सिंह के अलावा विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी मौजूद रहेंगे।

परेड की शुरुआत देशभर के 300 कलाकार पारंपरिक वाद्य यंत्रों पर ‘सारे जहां से अच्छा’ की धुन बजाकर करेंगे। इसके बाद 5 हजार आर्टिस्ट एक साथ कर्तव्य पथ पर भारत के विकास, विरासत और संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे। परेड में 16 राज्यों और केंद्र सरकार के 15 मंत्रालयों की कुल 31 झांकियां शामिल हो रही हैं। इस बार गणतंत्र दिवस की थीम ‘गोल्डन इंडिया- हेरिटेज एंड डेवलपमेंट’ है। इस बार सांस्कृतिक कलाकार पूरे परेड पथ पर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इससे पहले कलाकार सिर्फ राष्ट्रपति बॉक्स के सामने प्रदर्शन करते थे।
90 मिनट तक चलेगी परेड, प्रबोवो सुबियांटो चीफ गेस्ट
गणतंत्र दिवस परेड की शुरुआत सुबह 10.30 बजे के करीब होगी। लगभग 90 मिनट तक चलेगी। समारोह की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर जाने से होगी। यहां वह देश के वीरों को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो ‘पारंपरिक बग्गी’ में सवार होकर कर्तव्य पथ पर पहुंचेंगे। यह प्रथा 40 वर्षों के अंतराल के बाद 2024 में फिर से शुरू की गयी थी। राष्ट्रपति के अंगरक्षक, भारतीय सेना की सबसे वरिष्ठ रेजिमेंट द्वारा उन्हें सुरक्षा प्रदान की जायेगी।
बता दे की हर वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर एक विदेशी राष्ट्राध्यक्ष को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाता है। यह एक कूटनीतिक अवसर होता है, जिससे भारत और उस देश के बीच संबंधों को और मजबूत किया जा सकता है। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो इस अवसर पर मुख्य अतिथि होंगे। परेड में इंडोनेशिया का 352 सदस्यीय मार्चिंग और बैंड दस्ता भी भाग लेगा। सुबियांतो गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने वाले इंडोनेशिया के चौथे राष्ट्रपति होंगे। इंडोनेशिया के पहले राष्ट्रपति सुकर्णो 1950 में, भारत के पहले गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि थे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू फहराएंगीं तिरंगा
76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जगह-जगह तैयारियां हो चुकी हैं। आज तिरंग फहराया जाएगा। दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी। इसके बाद कर्तव्य पथ पर परेड निकाली जाएगी, जिसमें राष्ट्र की ताकत के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया जाएगा। परेड को ध्यान में रखते हुए दिल्ली में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। जगह-जगह पर पुलिस द्वारा वाहनों की चेकिंग की जा रही है।
‘समृद्ध भारत बनाने की दिशा में प्रयास’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट में कहा, ‘गणतंत्र दिवस की ढेरों शुभकामनाएं! आज हम अपने गौरवशाली गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इस अवसर पर हम उन सभी महान विभूतियों को नमन करते हैं। जिन्होंने हमारा संविधान बनाकर यह सुनिश्चित किया कि हमारी विकास यात्रा लोकतंत्र, गरिमा और एकता पर आधारित हो। यह राष्ट्रीय उत्सव हमारे संविधान के मूल्यों को संरक्षित करने के साथ ही एक सशक्त और समृद्ध भारत बनाने की दिशा में हमारे प्रयासों को और मजबूत करे। यही कामना है।
दीया कुमारी ने कहा- अच्छे नागरिक का कर्तव्य निभाएं
राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा, ‘संविधान पर हम सभी को गर्व है। जिस तरह से प्रधानमंत्री मोदी विकसित भारत के निर्माण की ओर बढ़ रहे हैं। उसमें हमारा योगदान भी बराबर का है। मैं सभी से अनुरोध करूंगी कि अपनी जिम्मेदारी निभाएं। एक अच्छे नागरिक का कर्तव्य निभाएं। सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं