Home Minister Amit Shah Vadnagar Visit Updates: गृह मंत्री शाह ने गुजरात के वडनगर को दी 300 करोड़ की सौगात: संग्रहालय में क्या है खास ?
गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को 298 करोड़ रुपये की लागत से तैयार पीएम के गृहनगर वडनगर में पुरातत्व अनुभवात्मक संग्रहालय का उद्घाटन किया।

इसके अलावा उन्होंने करीब 35 करोड़ से तैयार वडनगर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स भी जनता को समर्पित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा पर एक फिल्म का भी विमोचन किया गया।
संग्रहालय में क्या है खास ?
केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुरातत्व अनुभवात्मक संग्रहालय 12,500 वर्गमीटर क्षेत्र में फैला है। यह 2,500 साल से पुराने समृद्ध सांस्कृतिक इतिहास और निरंतर मानव निवास के क्रम को उत्खनन किए गए पुरातात्विक प्रमाणों को दर्शाता है।
यह भारत में विकसित अपनी तरह का पहला ऐसा संग्रहालय है, जहां आगंतुकों को पुरातात्त्विक स्थल का अनुभव होगा। इस संग्रहालय में मिट्टी के बर्तनों, शंख निर्माण (उत्पाद और कच्चा माल), सिक्के, आभूषण, हथियार, औजार, मूर्तियां, खेल सामग्री तथा जैवक सामग्री जैसे खाद्यान्न, डीएनए और कंकाल अवशेषों से संबंधित लगभग 5,000 से अधिक कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं।
नौ विषयगत दीर्घाओं वाले इस संग्रहालय में 4,000 वर्गमीटर के क्षेत्र में फैला उत्खनन स्थल है, जहां 12-16 मीटर की गहराई तक पुरातात्विक अवशेष देखने को मिलते हैं। इस उत्खनन स्थल पर एक अनुभवात्मक वॉक-वे शेड, आने वाले लोगों को उत्खनन से प्राप्त पुरातात्विक अवशेषों का प्रदर्शन कराएगा।