सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-भाटा और पत्थरबाजी का वीडियो वायरल
जयपुर। राजधानी जयपुर के गलता गेट थाना क्षेत्र स्थित नाग तलाई इलाके में वन विभाग की सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर रविवार को दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया। विवाद के दौरान लाठी-डंडों, पत्थरों और मुक्कों का खुलकर इस्तेमाल किया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार विवाद वन विभाग की सरकारी भूमि पर कब्जे को लेकर शुरू हुआ था। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष एक ही समुदाय से जुड़े हुए हैं और लंबे समय से जमीन को लेकर उनके बीच तनातनी चल रही थी। रविवार को जब एक पक्ष ने जमीन पर अपना दावा जताने की कोशिश की तो दूसरा पक्ष इसका विरोध करने पहुंच गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई और बाद में मामला हिंसक झड़प में बदल गया।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कई लोग एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं। कुछ युवक हाथों में लाठी-डंडे लेकर विरोधी पक्ष के लोगों को दौड़ाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दो युवक एक व्यक्ति को लाठी-डंडों से पीटते हुए नजर आते हैं। वहीं दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति पहले जमीन से पत्थर उठाता है और फिर डंडा पकड़े युवक को मुक्के मारते हुए दिखाई देता है। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
घटना के दौरान महिलाओं की मौजूदगी भी वीडियो में दिखाई दे रही है। कुछ महिलाएं झगड़े को शांत कराने की कोशिश करती दिखीं, जबकि कुछ लोग आपसी विवाद में उलझे रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार झड़प के समय मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे, जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई।
वायरल वीडियो का एक हिस्सा विशेष रूप से चर्चा में है, जिसमें लाल रंग की टी-शर्ट पहने एक युवक बेहद आक्रामक अंदाज में दिखाई देता है। वीडियो में वह युवक दूसरे पक्ष के लोगों को धमकाते हुए और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए नजर आता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक लगातार धौंस जमाने की कोशिश कर रहा था और लोगों को डराने का प्रयास कर रहा था।
वीडियो में एक और चिंताजनक दृश्य सामने आया है, जिसमें लाल टी-शर्ट पहना युवक पीछे से एक बच्चे के पास पहुंचता है। इसके बाद वह बच्चे का गला पकड़कर उसे पीछे की ओर धकेल देता है और वहां से हटने के लिए कहता है। यह दृश्य सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। कई लोगों ने बच्चों और महिलाओं के सामने हुई हिंसा पर चिंता व्यक्त की है।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को समझाइश देकर शांत कराया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस के अनुसार यदि जांच में किसी व्यक्ति की भूमिका हिंसा भड़काने या मारपीट करने में सामने आती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं वन विभाग की जमीन पर कब्जे के विवाद को लेकर भी संबंधित विभाग से जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

