जयपुर में Parmish Verma का धमाकेदार लाइव शो, सुपरहिट गानों पर झूमे हजारों फैंस
पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के लोकप्रिय गायक, अभिनेता और निर्देशक Parmish Verma ने शनिवार रात जयपुर में अपने शानदार लाइव परफॉर्मेंस से युवाओं के दिलों पर छाप छोड़ दी। विराट कोहली की चर्चित रेस्टोरेंट चेन वन 8 कम्यून में आयोजित शेरा इंडिया टूर के तहत हुए इस विशेष कार्यक्रम में Parmish Verma ने अपने सुपरहिट पंजाबी गीतों की प्रस्तुति देकर पूरे माहौल को उत्साह और संगीत के रंग में रंग दिया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा और संगीत प्रेमी मौजूद रहे।

Parmish Verma के जयपुर पहुंचने की सूचना मिलते ही उनके प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शहर के जेएलएन मार्ग स्थित हॉरजाइन टावर में आयोजित कार्यक्रम स्थल के बाहर शाम से ही युवाओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जैसे ही Parmish Verma कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, फैंस ने जोरदार स्वागत किया। उनके मंच पर आते ही पूरा परिसर तालियों, सीटियों और उत्साहपूर्ण नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत होते ही Parmish Verma ने अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने अपने सुपरहिट गाने ‘गाल नी कढ़नी’ से माहौल को ऊर्जावान बना दिया। इसके बाद ‘शडा’, ‘चार्चा’, ‘ले चक्क मैं आ गया’, ‘जाब हम पदेया करते थे’, ‘आ देखे जरा’, ‘सब फेड जांगे’ और ‘रूबरू’ जैसे कई चर्चित ट्रैक्स प्रस्तुत किए। हर गाने के साथ दर्शकों का उत्साह और बढ़ता गया तथा युवा उनके साथ गानों की धुन पर थिरकते नजर आए।
Parmish Verma की मंच पर मौजूदगी, उनकी ऊर्जा और दर्शकों से जुड़ने का अंदाज कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत रहा। उन्होंने न केवल अपने गीतों से बल्कि अपने संवाद और इंटरैक्शन से भी फैंस का दिल जीत लिया। कई बार उन्होंने दर्शकों को गानों की लाइनें साथ में गाने के लिए प्रेरित किया, जिससे पूरा वेन्यू एक विशाल संगीत समारोह में बदल गया।
कार्यक्रम में शामिल युवाओं का कहना था कि वे लंबे समय से Parmish Verma को लाइव सुनने का इंतजार कर रहे थे। उनके पसंदीदा गानों को लाइव सुनना उनके लिए यादगार अनुभव रहा। कई प्रशंसकों ने मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट जलाकर और वीडियो रिकॉर्ड कर इस पल को अपने कैमरों में कैद किया।
शेरा इंडिया टूर के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने जयपुर के संगीत प्रेमियों को एक शानदार मनोरंजन का अवसर दिया। कार्यक्रम के दौरान आधुनिक साउंड सिस्टम, आकर्षक लाइटिंग और बेहतरीन मंच सज्जा ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। पूरे आयोजन में प्रोफेशनल मैनेजमेंट और सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया।
लाइव परफॉर्मेंस के बाद Parmish Verma ने राजस्थान की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के प्रति भी अपनी आस्था दिखाई। रविवार सुबह वे जयपुर से प्रसिद्ध सालासर बालाजी धाम के लिए रवाना हुए। वहां पहुंचकर उन्होंने बालाजी महाराज के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके सालासर दौरे की तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
गौरतलब है कि Parmish Verma पंजाबी संगीत और फिल्म इंडस्ट्री के सबसे लोकप्रिय कलाकारों में गिने जाते हैं। उनके गीतों को देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी बड़ी संख्या में पसंद किया जाता है। सोशल मीडिया पर उनकी मजबूत फैन फॉलोइंग है और उनके हर नए गाने को लाखों व्यूज मिलते हैं।
जयपुर में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल संगीत प्रेमियों के लिए यादगार रहा, बल्कि इसने यह भी साबित कर दिया कि Parmish Verma की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। उनके दमदार परफॉर्मेंस और फैंस के उत्साह ने इस शाम को एक भव्य संगीत उत्सव में बदल दिया।

