मथुरा के इस घाट पर एक साथ डुबकी लगाते हैं भाई-बहन, यमराज के प्रकोप से मिलती है मुक्ति

मथुरा। देश में कई मंदिर अपनी भव्यता और मान्यताओं के कारण प्रसिद्ध हैं। लेकिन भाई दूज के मौके पर हम आपको एक ऐसे अनोखे मंदिर के बारे में बता रहे हैं, जो भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को समर्पित है। इस मंदिर की कथा यमराज और यमुना जी से जुड़ी है, जो भगवान सूर्य के पुत्र और पुत्री हैं।
कहां है भाई-बहन का मंदिर?
मथुरा जिले में विश्राम घाट के पास स्थित यह मंदिर यमराज और उनकी बहन यमुना को समर्पित है। इसे श्री यमुना धर्मराज मंदिर के नाम से जाना जाता है। यह मंदिर भाई-बहन के प्यार का प्रतीक है और मथुरा के प्राचीन मंदिरों में गिना जाता है। यह द्वारकाधीश मंदिर के पास स्थित है।

मंदिर की खास मूर्तियां
मंदिर में काले पत्थर से बनी मां यमुना और यमराज जी की मूर्तियां विराजमान हैं।
- मां यमुना चतुर्भुज रूप में हैं।
- उनके एक हाथ में भोजन की थाली और दूसरे में कमल का फूल है।
- तीसरा हाथ टीका लगाने की मुद्रा में है और चौथा आशीर्वाद की मुद्रा में।
- यमराज जी प्रसन्न मुद्रा में आशीर्वाद देते दिखाई देते हैं।
देश का एकमात्र मंदिर, 5000 साल पुरानी मान्यता
मंदिर के पुजारी सुभाष चतुर्वेदी के अनुसार, यह भारतवर्ष का एकमात्र मंदिर है जहां धर्मराज यमराज और उनकी बहन यमुना जी एक साथ विराजमान हैं। उनका कहना है कि यह मंदिर करीब 5000 वर्ष से भी अधिक प्राचीन है।
यम-यमुना की पौराणिक कथा
मान्यता है कि सदियों पहले यमराज (धर्मराज) ने सोचा कि सभी देवी-देवता अपने भाई-बहनों के पास जाते हैं, लेकिन वे कभी अपनी बहन के घर नहीं गए। तब वे यमलोक छोड़कर यमुना जी के घर पहुंचे।
भाई को घर आया देखकर यमुना जी बहुत प्रसन्न हुईं। उन्होंने कहा कि आज मेरा भाई घर आया है। उन्होंने खूब पकवान बनाए और भाई की खातिरदारी की। धर्मराज प्रसन्न हुए और बहन से कोई भी वर मांगने को कहा।
अकाल मृत्यु से मुक्ति का वरदान
यमुना जी ने पहले कहा कि उनके पास सभी वैभव और सुविधाएं हैं। वे श्रीकृष्ण की पटरानी हैं और उन्हें किसी चीज की कमी नहीं। लेकिन जब यमराज ने दोबारा आग्रह किया, तो यमुना जी ने कहा कि कलियुग में भक्तों का कल्याण कैसे होगा, और किसी की भी अकाल मृत्यु न हो।
इस पर धर्मराज ने बहन को वचन दिया:
कार्तिक मास की द्वितीया के दिन जो भी भाई-बहन एक साथ यमुना नदी में डुबकी लगाएगा, उसकी कभी अकाल मृत्यु नहीं होगी। उसे यमराज के फंदे से मुक्ति मिलेगी और वह बैकुंठ धाम में प्रवेश करेगा।
यम द्वितीया पर विशेष स्नान
कार्तिक मास में गोवर्धन पूजा के अगले दिन यम द्वितीया स्नान किया जाता है। इस दिन लाखों श्रद्धालु स्नान के लिए मथुरा पहुंचते हैं।
जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से पुख्ता इंतजाम किए जाते हैं:
- यमुना किनारे बैरिकेडिंग
- स्टीमर तैनात कर श्रद्धालुओं को गहरे पानी में न जाने की सलाह
- शहर में भीड़ के कारण रूट डायवर्जन
कैसे पहुंचें भाई-बहन के मंदिर?
- मथुरा जंक्शन से दूरी: करीब 5 किलोमीटर। थ्री व्हीलर या फोर व्हीलर से पहुंच सकते हैं।
- बस स्टैंड से दूरी: करीब 3 किलोमीटर। थ्री व्हीलर से पहुंचा जा सकता है।
- पहचान: द्वारकाधीश मंदिर और विश्राम घाट के पास।
IN SORT:- ( मथुरा के विश्राम घाट के पास स्थित श्री यमुना धर्मराज मंदिर देश का एकमात्र ऐसा मंदिर है जहां यमराज और उनकी बहन यमुना जी साथ विराजमान हैं। मान्यता है कि कार्तिक मास की द्वितीया पर जो भाई-बहन एक साथ यमुना में डुबकी लगाते हैं, उन्हें अकाल मृत्यु से मुक्ति मिलती है। जानिए मंदिर की पौराणिक कथा, महत्व और मथुरा कैसे पहुंचें। ऐसी ही ताजा खबरों के लिए NEWS 21 को सब्सक्राइब करें। )

