भीषण गर्मी के बीच बदला मौसम का मिजाज, 15 से अधिक राज्यों में pre-monsoon बारिश का अलर्ट
pre-monsoon देशभर में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 15 से अधिक राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियों के तहत तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन कई राज्यों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की घटनाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया है।

बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान आंधी, बारिश और बिजली गिरने से 17 लोगों की मौत हो गई। राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश दर्ज की गई। राजधानी पटना में खराब मौसम के कारण हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुईं। चार उड़ानों को दूसरे हवाई अड्डों पर डायवर्ट करना पड़ा, जबकि 18 फ्लाइटें देरी से संचालित हुईं। इससे करीब 500 से अधिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने शनिवार को बिहार के 25 जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है।
उत्तर प्रदेश में भी मौसम का कहर देखने को मिला। पिछले 24 घंटों में आंधी-तूफान और खराब मौसम के कारण 31 लोगों की जान चली गई। सहारनपुर जिले में भारी बारिश के बाद पहाड़ी क्षेत्रों से तेज बहाव के साथ पानी नीचे आया, जिससे एक इनोवा कार, ट्रैक्टर समेत करीब 10 वाहन बह गए। प्रदेश के कई हिस्सों में पेड़ उखड़ने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की खबरें भी सामने आई हैं। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के सभी 75 जिलों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में भी मौसम ने राहत और चुनौती दोनों साथ लेकर आया है। शनिवार को प्रदेश के 30 जिलों में तेज आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। शुक्रवार को चूरू, हनुमानगढ़, बीकानेर, सीकर सहित कई जिलों में तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि तेज हवाओं और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को नुकसान की आशंका बनी हुई है।
पंजाब में भी मौसम का असर देखने को मिला। पठानकोट में शनिवार सुबह ओलावृष्टि हुई, जबकि मोहाली और आसपास के इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी तथा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण प्री-मानसून गतिविधियां तेज हुई हैं। इससे उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश और आंधी की स्थिति बनी हुई है। विशेषज्ञों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, खुले मैदानों में जाने से बचने और बिजली गिरने की आशंका वाले क्षेत्रों में सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
फिलहाल देश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी के तेवर कुछ नरम पड़े हैं, लेकिन मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आंधी, तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाएं अभी कुछ दिन और जारी रह सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

