NEET-UG 2026 रद्द, बिना रजिस्ट्रेशन फिर होगी परीक्षा;
NTA का बड़ा फैसला
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। पेपर लीक और परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोपों के बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET परीक्षा रद्द करने और दोबारा आयोजित कराने का ऐलान किया है। इस फैसले के बाद देशभर के लाखों छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता और चर्चा का माहौल बना हुआ है। हालांकि NTA ने स्पष्ट किया है कि छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं होगी और पहले से जमा की गई सभी जानकारियां मान्य रहेंगी।
NTA ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि एजेंसी को मिले इनपुट और जांच एजेंसियों द्वारा साझा की गई जानकारी का विश्लेषण करने के बाद यह साफ हो गया कि वर्तमान परीक्षा प्रक्रिया को जारी रखना उचित नहीं होगा। एजेंसी ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी कारण NEET-UG 2026 परीक्षा को रद्द कर पुनः आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

बता दें कि 3 मई को आयोजित हुई इस परीक्षा में करीब 23 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। NEET परीक्षा खत्म होने के बाद कई राज्यों से पेपर लीक और धांधली की शिकायतें सामने आई थीं। सोशल मीडिया पर भी कथित प्रश्नपत्र वायरल होने के दावे किए गए थे। इसके बाद छात्रों और अभिभावकों ने परीक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए थे। लगातार बढ़ते विवाद और जांच एजेंसियों की शुरुआती रिपोर्ट के बाद NTA ने यह बड़ा कदम उठाया।
NTA ने छात्रों को राहत देते हुए यह भी साफ किया है कि री-नीट यानी दोबारा होने वाली NEET परीक्षा के लिए नया रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा। मई 2026 के NEET परीक्षा चक्र में जो भी आवेदन प्रक्रिया पूरी की गई थी, वही दोबारा आयोजित परीक्षा के लिए मान्य रहेगी। इसमें छात्रों का रजिस्ट्रेशन डेटा, उम्मीदवार की जानकारी और चुने गए परीक्षा केंद्र शामिल हैं। यानी छात्रों को दोबारा फॉर्म भरने या किसी तरह की नई प्रक्रिया से गुजरने की आवश्यकता नहीं होगी।
इसके अलावा एजेंसी ने यह भी बताया कि छात्रों से कोई अतिरिक्त NEET परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही फीस जमा कर दी है, वही फीस पुनः आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए मान्य होगी। NTA ने कहा कि परीक्षा दोबारा अपने संसाधनों और सुरक्षा व्यवस्था के तहत आयोजित की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
हालांकि अभी तक परीक्षा की नई तारीख घोषित नहीं की गई है। NTA के अनुसार री-नीट की तारीख और नए एडमिट कार्ड जारी करने का पूरा कार्यक्रम जल्द ही एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से जारी किया जाएगा। एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें और किसी भी अफवाह या अपुष्ट खबर पर ध्यान न दें।
NTA ने अपने बयान में कहा कि सोशल मीडिया और कई अन्य माध्यमों पर गलत जानकारियां तेजी से फैल रही हैं। ऐसे में उम्मीदवारों और उनके अभिभावकों को सतर्क रहने की जरूरत है। एजेंसी ने साफ कहा है कि परीक्षा से जुड़ी हर महत्वपूर्ण जानकारी केवल ऑफिशियल वेबसाइट और आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर ही जारी की जाएगी।
वहीं परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है। कुछ छात्रों का कहना है कि उन्होंने पूरे साल मेहनत की थी और अब दोबारा परीक्षा देना मानसिक रूप से काफी चुनौतीपूर्ण होगा। दूसरी ओर कई छात्रों ने इस फैसले का समर्थन भी किया है। उनका कहना है कि यदि पेपर लीक हुआ है तो निष्पक्ष परीक्षा के लिए दोबारा एग्जाम कराना जरूरी है।
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामले देश की परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। ऐसे मामलों से मेहनती छात्रों का मनोबल टूटता है और शिक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता प्रभावित होती है। विशेषज्ञों ने सुझाव दिया है कि परीक्षा प्रणाली को और अधिक सुरक्षित और तकनीकी रूप से मजबूत बनाया जाए।
फिलहाल देशभर के लाखों छात्र अब री-नीट की नई तारीख का इंतजार कर रहे हैं। सभी की नजर NTA की अगली आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई है। छात्रों को उम्मीद है कि इस बार परीक्षा पूरी पारदर्शिता और कड़ी सुरक्षा के साथ आयोजित की जाएगी, ताकि उनकी मेहनत और भविष्य सुरक्षित रह सके।

