Bihar : महिला रिपोर्टर का स्टिंग: कैसे होता है लड़कियों का ब्रेनवॉश

लड़की तो एकदम हॉट है। देखने वाला पागल हो जाएगा। फेस देखकर लोग मुंह मांगी कीमत देने को तैयार हो जाएंगे। हरियाणा वाली है, कस्टमर को खुश कर देगी।
बिहार में ऐसी आइटम नहीं मिलेगी। मुझे तो अब तक ऐसी नैन नख्श वाली लड़की नहीं मिली…। कहां से आई हो..। अब तक कहां थी। मार्केट में पहली बार तुम्हें देखा है। यह जगह तुम्हारे लिए सही नहीं है।
मेरे साथ चलो, विधायक जी से मिलवा दूंगा। एक बार उन्होंने हाथ रख दिया तो जिंदगी बदल जाएगी। रानी बनाकर रखेंगे। इलाके के लोग भी सलाम ठोकेंगे..।’
ये ऑफर रेड लाइट एरिया के पैटर्न पर चल रहे ऑर्केस्ट्रा में डांसर बनकर पहुंची भास्कर की महिला रिपोर्टर को दिए गए। इस नेक्सेस को एक्सपोज करने के लिए रिपोर्टर डांसर बनकर 5 दिनों तक एजेंट्स के बीच रही।
किसी ने कमर से निकालकर पिस्टल बेड पर रखी, तो कोई सख्त लहजे में धमकाता। जान के खतरे के बीच रिपोर्टर डटी रही। गैंग ने रिपोर्टर को ही 3 बार बेचा।
रेड लाइट एरिया के पैटर्न पर चल रहे ऑर्केस्ट्रा में 5 दिनों तक रिपोर्टर के साथ क्या-क्या हुआ? वहां लड़कियों का कैसे ब्रेनवॉश किया जा रहा है? हर साल कितनी लड़कियां ट्रैप में फंसती हैं? किस तरह से उन्हें बेचा-खरीदा जाता है? पढ़िए और देखिए ऑपरेशन रेड लाइट पार्ट-1
गोपालगंज, सीवान इलाके में रेड लाइट एरिया के पैटर्न पर चल रहे ऑर्केस्ट्रा का इनपुट मिला। इसके बाद भास्कर टीम ने इसपर अपना इन्वेस्टिगेशन शुरू किया।
इनपुट मिला कि ऑर्केस्ट्रा के नाम पर सेक्स रैकेट चलाने का सबसे बड़ा अड्डा सीवान से सटा सारण का जनता बाजार है, जहां 500 से ज्यादा ऑर्केस्ट्रा हैं। इस दलदल में हर साल 20 हजार से ज्यादा लड़कियां फंसती हैं।
महिला रिपोर्टर को अंडर कवर बनाकर भास्कर की इन्वेस्टिगेशन टीम पटना से लगभग 150 किलोमीटर दूर सीवान बॉर्डर पर स्थित सारण के जनता बाजार पहुंची।
यहां हमारी मुलाकात रहमान से हुई। वह जनता बाजार में ऑर्केस्ट्रा चलाने के साथ लड़कियों की सप्लाई का बड़ा एजेंट है। रहमान का बैकग्राउंड भी अपराधिक है।
भास्कर रिपोर्टर बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड बनकर मिले। महिला रिपोर्टर ने खुद को डांसर बताया और काम पर रखवाने की बात की। रिपोर्टर ने कोई पहचान पत्र नहीं होने की बात कही।
इस पर रहमान ने महिला रिपोर्टर की फिरोजनगर, फरीदाबाद हरियाणा के पते से फेक आईडी बनवा दी। साथी रिपोर्टर का सुभाष नगर कानपुर यूपी के नाम का फेक आधार बनवा दिया।
रहमान बोला- दीपक, बेस्ट आइटम भेज रहा हूं
फेक आईडी बनवाने के बाद रहमान ने दीपक नाम के ऑर्केस्ट्रा संचालक से फोन पर बात की। इसके बाद अंडर कवर रिपोर्टर से बोला- तुम्हें बहुत अच्छी जगह भेज रहा हूं। वहां अच्छे से काम करना, बहुत जल्दी ही वायरल हो जाओगी।
एक बार वायरल हुईं तो समझो कि बिहार से लेकर कई राज्यों में तुम्हारा नाम होगा। इसके बाद जितनी डिमांड करोगी, पैसे मिल जाएंगे। एक-दो नहीं कई लड़कियों को मैं सेट कर चुका हूं।
हमें रहमान बड़ी कड़ी के रूप में मिला। फेक आईडी बनाकर पहले रास्ता बनाया फिर दीपक से बातकर एंट्री आसान कर दी। रहमान से दीपक की डील होने के बाद महिला रिपोर्टर ने जब दीपक को कॉल किया तो उसने दोपहर में 1 बजे सीवान के हरदिया कोदई गांव में बुलाया। जहां दीपक ऑर्केस्ट्रा के नाम पर सेक्स रैकेट चलाता है।
पहले से सेट हो गया था बेड
दीपक से फोन पर बात होने के बाद दोपहर 1 बजे भास्कर रिपोर्टर सीवान के हरदिया कोदई गांव में दीपक ऑर्केस्ट्रा पहुंच गए। सड़क के किनारे गांव से बाहर एक किराने की दुकान के पीछे पूरा खेल चल रहा था।
यहां पहुंचकर जैसे रिपोर्टर ने रहमान का नाम लिया तो पता चला पहले से ही व्यवस्था हो गई है। दीपक ने कहा सिर्फ लड़की यहां रहेगी, जब बोला जाएगा, तभी मिलने के लिए आ सकते हैं।
हमने दीपक की हर बात मान ली और महिला रिपोर्टर को उसकी बताई जगह पर छोड़ दिया। टीम का दूसरा साथी लौट आया, लेकिन महिला रिपोर्टर की मॉनिटरिंग में लगा रहा।
दीपक ने रिपोर्टर को एक छोटी सी चौकी और उस पर फटी बेडशीट देते हुए कहा, यही तुम्हारी जगह रहेगी।

दीपक के हाथों बेच दी गई रिपोर्टर
हरियाणा की डांसर बनकर पहुंची रिपोर्टर के दीपक ऑर्केस्ट्रा में जाते ही लोहे का बड़ा गेट बंद कर दिया। रिपोर्टर अपने बेड पर बैठ गई। एक बड़े से हॉल में 5 बेड लगे हुए थे। बीच में पार्टिशन था। अगल-बगल रूम जैसा बनाया गया था।
यहां भी लड़कियां थीं, जहां समय-समय पर बाहरी लड़के आ रहे थे। थोड़ी देर रहने के बाद ही वहां पहले से रह रही लड़कियों से बातचीत में पता चला कि रहमान ने दीपक के हाथों रिपोर्टर को बेच दिया है। अब वो जो चाहे कराएगा।
वहां पहले से मौजूद कुछ लड़कियां भी ब्रेनवॉश करने लगीं, बोलीं- यहां बात मानोगी तो बहुत आगे जाओगी। कोई बड़ा आदमी आए तो कभी किसी चीज के लिए मना नहीं करना।
रिपोर्टर को दीपक ऑर्केस्ट्रा में पहुंचे एक घंटे भी नहीं हुए थे, इस दौरान दीपक ने सभी को बता दिया कि हरियाणा की डांसर आई है। थोड़ी ही देर में लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया।
रिपोर्टर उस वक्त सहम गई, जब कुर्ता पैजामा पहनकर आए युवक ने कमर से पिस्टल निकालकर बगल में रख दी।
सलीम – कब आई हो, पहले कहां काम करती थीं?
रिपोर्टर – हरियाणा से हूं, पहले यूपी के बलिया में काम करती थी।
सलीम – तुम तो हरियाणा की हो, लेकिन गलत जगह पर फंस गई। रहमान ने पैसे लेकर गलत जगह दे दिया।
रिपोर्टर – आप कौन हैं, यहां के मालिक हैं क्या?
सलीम – मैं यहां का डॉन हूं, विधायक से लेकर अधिकारियों तक सेटिंग है अपनी।
रिपोर्टर – अच्छा
सलीम – मेरे साथ चलो रानी बनाकर रखूंगा। विधायक और SDM से मिलवा दूंगा, जिंदगी बदल जाएगी।
रिपोर्टर – पहले किसी को इस तरह के लोगों से मिलवाया है क्या?
सलीम – कई लड़कियों को आगे बढ़ाया है, आज रानी बनकर रह रही हैं।
रिपोर्टर – कौन है बताइए ना?
सलीम – कई लड़कियां हैं जिसके घर विधायक और अफसर जाते हैं। वायरल गर्ल हैं, गाड़ी, फ्लैट सब है उनके पास।
रिपोर्टर – आप तो डॉन हैं, हथियार लेकर चलते हैं, कुछ भी कर सकते हैं।
सलीम – तुम साथ चलो, सबसे संपर्क करा दूंगा, तुम बहुत आगे जाओगी।
रिपोर्टर – ठीक है, आप मिलते रहिएगा हम लोग प्लान बना लेंगे।
सलीम – कोई दिक्कत हो तो बताना, मेरा नंबर ले लो, रात में भी फोन कर सकती हो।
12 घंटे में 10 नए लोग मिलने आए, मुश्किल से कटी पहली रात
रिपोर्टर से पहले दिन सलीम की तरह 10 लोग मिलने आए। कोई पैसे का ऑफर दे रहा था तो कोई अपना प्रभाव जमा रहा था। वहां पहले से मौजूद लड़कियां उनका सपोर्ट कर रही थीं।
रिपोर्टर हर किसी से मिली और नेक्सेस के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानकारी निकालने की कोशिश की। रिपोर्टर की पहली रात काफी मुश्किल में कटी।
जहां रहने को दिया गया था, वहां छत के नाम पर टीन शेड था, जो गर्मी में आग की भट्ठी की तरह तप रहा था। चौकी काफी छोटी थी, उस पर फटी बेडशीट दी गई थी।
चावल और आलू की सूखी भुजिया सब्जी देकर दीपक बोला- खा लो तभी काम कर पाओगी। किसी तरह से रिपोर्टर की पहली रात कटी।
रात में दीपक ने नए लोगों को बुलाकर रिपोर्टर से मिलवाया, बोला, बात कीजिए अच्छे आदमी हैं, इनका इधर सिक्का चलता है। 2 दिन तक रिपोर्टर यहीं रही।
इस दौरान उसकी वहां मौजूद लड़कियों से दोस्ती हो गई। जो वहां से निकलना चाहती थीं। रिपोर्टर ने इन लड़कियों की मदद से अपने वीडियो भी शूट करवाए।

टॉयलेट साफ कराया, झाड़ू पोछा लगवाया
रिपोर्टर ने पहली रात जो देखा वह ऑर्केस्ट्रा के नाम पर चल रहे सेक्स रैकेट का काला सच था। रात में लड़कियों के पास नए-नए लोग आते थे और बेड शेयर कर निकल जाते थे। रिपोर्टर से पहली रात किसी ने इसलिए मिस विहेव नहीं किया, क्योंकि वो अभी नई-नई थी।
सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर दीपक आया और रिपोर्टर के हाथ में प्लास्टिक की बाल्टी पकड़ा दी, बोला – टॉयलेट साफ कर दो, दीदी लोग के उठने से पहले साफ सफाई कर दो। तुम्हें ये यहां रोज करना पड़ेगा। रिपोर्टर से जबरन टॉयलेट साफ कराया, बर्तन धुलवाए, झाड़ू-पोंछा करवाया।
इसके बाद दीपक ने कहा- खाना बना लो। दीपक नहाने की जगह दिखाकर, बोला- नहा लो फिर तैयार होकर बैठ जाओ, कुछ लोग तुमको देखने आएंगे। दूसरे दिन भी नए लड़कों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। झाड़ू-पोछा और सफाई का वीडियो रिपोर्टर ने वहां मौजूद लड़की से शूट करवाया।

रिपोर्टर ने पेट दर्द का बहाना बनाया, फिर भी डांस के लिए ले गया
शाम 4 बजे दीपक आया और रिपोर्टर से बोला कम कपड़े वाली ड्रेस पहनकर तैयार हो जाना। रात में 8 बजे कहीं जाना है। वहां जाकर डांस करना है और नाटक मत करना, जैसी डिमांड की जाए वैसे ही करना।
रिपोर्टर बोली- मेरा पेट दर्द कर रहा है, मैं बाहर नहीं जा पाऊंगी। इस पर दीपक थोड़ा नाराज हुआ फिर बोला- चलो आज गेस्ट को खुश कर दोगी तो तुम्हारी दूसरी जगह अच्छी व्यवस्था कर दूंगा।
रिपोर्टर को दीपक बाकी लड़कियों के साथ रात में 8 बजे डांस के नाम पर कहीं लेकर गया। जाने से पहले लड़कियां तैयार हुईं। रिपोर्टर भी तैयार हुई, लेकिन शुरुआत से पेट दर्द का बहाना करती रही ताकि उसके साथ कुछ गलत ना हो।
दीपक ने लड़कियों को एक जगह ले जाकर अलग-अलग गेस्ट को दे दिया। रिपोर्टर एक ऑर्केस्ट्रा में रही, दीपक काफी गुस्से में था क्योंकि रिपोर्टर शुरू से ही पेट दर्द की बात कह रही थी।
रात 2 बजे जब लड़कियों को वापस लाने की तैयारी हो रही थी। इस दौरान दीपक रिपोर्टर से बोला- तुम दूसरी गाड़ी में बैठ जाओ, तुम्हारी अच्छी व्यवस्था दूसरी जगह कर दी है। दूसरी गाड़ी से रिपोर्टर को उसने गुड़िया के पास भेज दिया जो नेपाल और बंगाल से लेकर अलग-अलग राज्यों से लड़कियों की सप्लाई करती है।
गुड़िया से पैसे मांगे तो बोली- दीपक को दे दिए
रिपोर्टर रात 3 बजे तिवारी ऑर्केस्ट्रा की संचालिका गुड़िया के पास पहुंची। जहां रहने के लिए एक छोटा सा कमरा और जमीन पर बिस्तर दिया गया। सुबह उसने गुड़िया से कुछ पैसे मांगे तो उसने कहा दीपक को पैसे दे दिए हैं।
गुड़िया ने इशारे में बता दिया कि उसे बेच दिया गया है। रिपोर्टर की निगरानी के लिए कुछ लोगों को पीछे लगा दिया गया। गुड़िया का हाव भाव पूरी तरह से रेड लाइट एरिया की संचालिका की तरह था।
यहां भी दिन में लड़कियों के पास लड़के आते और थोड़ी देर कमरे में रहने के बाद चले जाते थे। गुड़िया के पास रिपोर्टर को दो रात रखा गया।

सेक्स रैकेट के लिए गुड़िया ब्रेनवॉश करती है
गुड़िया ने रिपोर्टर का ब्रेनवॉश करने की खूब कोशिश की। वह बार-बार वायरल होने और पैसा कमाने पर जोर देती रही। जब भी किसी का फोन आता, रिपोर्टर के सामने ही बोलती थी- बड़ी हॉट लड़की आई है। एक बार में पसंद आ जाएगी, लेकिन इतनी आसानी से उसको नहीं दूंगी।
वह बार-बार रिपोर्टर से उसकी फोटो मांगती और बोलती गेस्ट को भेजना है। दो रात में उसने कई लोगों को फोटो भेजे और मिलने के लिए बुलाया। रिपोर्टर के साथ कई बार बैड टच करने की कोशिश की गई। दो दिन में 14 से अधिक लोग आए, अपना प्रभाव दिखाकर साथ ले जाने की कोशिश की।
रिपोर्टर ने किसी से अच्छे से बात नहीं की। यह बात गुड़िया को पता चल गई। इसके बाद गुड़िया बंगाल जाने की बात कहकर रिपोर्टर को बेचने की फिराक में लग गई।
गुड़िया के पास दो रात रहने के बाद रिपोर्टर को विक्की के पास भेज दिया गया। गुड़िया बोली- तुम मेरे दूसरी सेंटर पर चली जाओ, वहां तुम्हारे लिए अच्छा रहेगा। मैं बंगाल से लौटकर आऊंगी तो फिर यहां बुला लूंगी।
गुड़िया ने सोनू नाम के एक एजेंट के जरिए बाइक से रिपोर्टर को विक्की के पास भेज दिया। विक्की कानपुर की रहने वाली अपनी पत्नी रेखा और साली के साथ मिलकर रैकेट चलाता है।
यहां सबसे ज्यादा नाबालिग लड़कियां और छोटे बच्चे दिखे। दो घंटे में ही रिपोर्टर को एहसास हो गया कि गुड़िया ने विक्की के हाथों उसे बेच दिया है।
लड़कियों का ऐसा ब्रेनवॉश, हर काम के लिए तैयार
रिपोर्टर ने विक्की के यहां मौजूद लड़कियों से बातचीत कर इनपुट निकालना शुरू किया तो पता चला विक्की काफी शातिर है। वह कई अपराधियों के संपर्क में है। कई वीआईपी भी उसके यहां गाड़ी भेजते हैं, जिससे लड़कियां जाती हैं।
विक्की ने रिपोर्टर के पीछे एक नाबालिग लड़की को लगा दिया। मोटा पैसा देकर विक्की ने रिपोर्टर को गुड़िया से खरीदा था, इसलिए वह पूरी तरह से नजर रख रहा था कि लड़की कहीं भाग ना जाए।
बातचीत में पता चला कि उसने 3 लाख से ज्यादा की रकम अदा की थी। रिपोर्टर वहां मौजूद नाबालिग लड़कियों से बातचीत करने के साथ वीडियो बनाने लगी।

रिपोर्टर के बाल पकड़कर खींचे, बोला- वीडियो डिलीट कर नहीं तो मार डालूंगा
विक्की अचानक रिपोर्टर के पास पहुंचा और उसके बाल पकड़कर खींचने लगा। रिपोर्टर कुछ समझ ही नहीं पाई अचानक क्या हो गया। विक्की रिपोर्टर को खींचता हुआ लगभग 100 मीटर दूर घर के बाहर बने कच्चे मकान में ले गया।
वहां एक टूटी चौकी पर बैठाकर टॉर्चर करने लगा। बोला- तुम वीडियो क्यों बना रही हो। किस NGO के लिए काम करती हो। कौन-कौन से वीडियो बनाए हैं, डिलीट कर दो, नहीं तो जान से मार दूंगा।
विक्की ने डंडा उठा लिया और मार देने की धमकी दी, इसके बाद डंडा चौकी पर पटकने लगा। रिपोर्टर ने उसे शक नहीं होने दिया कि वो मीडिया से है।
विक्की ने मोबाइल से वीडियो डिलीट करवाए
रिपोर्टर ने मोबाइल विक्की के हाथ में देकर कहा, देख लीजिए कहीं कोई वीडियो नहीं बना रही थी। विक्की ने धमकाया कि लाश के टुकड़े-टुकड़े कर तालाब में फिकवा दूंगा। यहां हमसे चालाकी करने वाला बचा ही नहीं है।
रिपोर्टर से विक्की बोला- तुम यहां जासूसी करने आई हो, तुम्हारी बोटी-बोटी कटवा दूंगा। अब देखना तुम्हारे साथ क्या-क्या होगा। इस दौरान विक्की के लोगों ने रिपोर्टर से मोबाइल छीनकर कुछ वीडियो डिलीट कर दिए।
रिपोर्टर ने कहा जितने वीडियो हों डिलीट कर दीजिए, मेरा मोबाइल दे दीजिए। पूरी तरह से आश्वस्त होने के बाद विक्की ने रिपोर्टर को मोबाइल वापस किया।

डेढ़ घंटे बाद रिपोर्टर को निकाला गया
विक्की एक घंटे तक रिपोर्टर को टॉर्चर करता रहा। कॉल कर दो लोगों को भी बुलाया। वह बार-बार रिपोर्टर से यही जानना चाह रहा था कि वह किसके लिए काम कर रही है।
हाल ही में सीवान और सारण में एक NGO के साथ पुलिस ने रेड की थी, इसलिए विक्की समझ रहा था कि रिपोर्टर भी किसी NGO से जुड़ी हुई है। डेढ़ घंटे बाद रिपोर्टर ने हमारी इन्वेस्टिगेशन टीम को मैसेज दिया।
इसके बाद 2 स्थानीय एजेंट्स को सेटकर रिपोर्टर छुड़ाने के लिए विक्की के पास भेजा गया। विक्की एजेंट्स पर भी बौखला गया और रिपोर्टर को छोड़ने के पैसे मांगने लगा।
लोकल एजेंट्स के साथ भी मारपीट की और बोला गुड़िया पैसे वापस देगी तब लड़की को छोड़ेगा। इस दौरान भास्कर की इन्वेस्टिगेशन टीम भी विक्की के घर के पास पहुंच गई।
महिला रिपोर्टर को मैसेज किया गया कि जैसे ही मौका मिले बाहर निकलो और सड़क की ओर दौड़ो। बाहर बाइक स्टार्ट रहेगी, उसे वहां से तत्काल निकाल लिया जाएगा।
10 मिनट में रिपोर्टर तेजी से भागते हुए विक्की के कमरे से निकल गई और चीखते हुए रोड पर पहुंच गई। रिपोर्टर को बाइक पर बैठाकर सुरक्षित जगह पहुंचा दिया गया।
5 दिन में रिपोर्टर ने अलग-अलग लड़कियों से दोस्ती कर खुद के वीडियो बनवाए। हर वीडियो बनाने के बाद रिपोर्टर टीम को वीडियो भेजती रही। आखिरी में जो वीडियो बनाए गए वो विक्की ने डिलीट करवा दिए।

कैसे हुई ऑपरेशन रेड लाइट की प्लानिंग
हमारी टीम की शुरुआती पड़ताल में ही यह सामने आ चुका था कि इस पूरे नेटवर्क में लोकल पुलिस, क्रिमिनल और लोकल पॉलिटिशियन तक शामिल हैं। ऐसे में क्रिमिनल्स के बीच रहकर मोडस ऑपरेंडी समझना और इस नेटवर्क को एक्सपोज करना हमारे लिए सबसे बड़ा चैलेंज था।
इसके लिए हमने ऑपरेशन रेड लाइट प्लान किया। महिला रिपोर्टर को डांसर बनाकर एजेंट के जरिए ऑर्केस्ट्रा में एंट्री कराने के प्लान पर काम शुरू किया। हमने पुलिस अधिकारियों से बातकर सुरक्षा के इंतजाम किए और लोकल पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगने दी।
इस पूरे ऑपरेशन में हमने कुछ लोकल एजेंट्स को भी शामिल किया, ताकि महिला रिपोर्टर के साथ कुछ गलत ना हो पाए।
SP बोले- स्टिंग ऑपरेशन के आधार पर बड़ा एक्शन लेंगे
ऑपरेशन रेड लाइट पार्ट-2 में कल देखिए कैसे एजेंट्स नाबालिग लड़कियों को प्रेग्नेंट कर उनके बच्चे बेच रहे हैं। 13 साल की लड़कियों को इंजेक्शन देकर उम्र से बड़ा बनाया जा रहा है…
Read More : King Kohli 9000 पार, दिल्ली ढेर – RCB का जलवा

