लिहाफ-कंबल पाकर जरूरतमंदों के खिले चेहरे, Bhojpur में हुआ वितरण कार्यक्रम
मुरादाबाद जनपद के कस्बा Bhojpur में शनिवार दोपहर सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा एक सराहनीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें ठंड से राहत देने के उद्देश्य से गरीब और जरूरतमंद लोगों को लिहाफ और कंबल वितरित किए गए। इस कार्यक्रम में भाजपा अल्पसंख्यक कल्याण एवं हज राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी और अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली मुख्य रूप से शामिल हुए। आयोजन हजरत अली के जन्मदिन के अवसर पर किया गया। जिससे कार्यक्रम को सामाजिक और धार्मिक सौहार्द का संदेश भी मिला।
![]()
कार्यक्रम का आयोजन Bhojpur में यूपिका हैंडलूम के डायरेक्टर शराफत अंसारी के आवास पर किया गया, जहां बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोग पहुंचे। कड़ाके की ठंड के बीच जब गरीबों और बेसहारा लोगों को लिहाफ और कंबल मिले तो उनके चेहरों पर राहत और खुशी साफ झलकती नजर आई। इस दौरान राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि सरकार और संगठन का प्रयास है कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक मदद पहुंचे। ठंड के मौसम में ऐसे आयोजन जरूरतमंदों के लिए संजीवनी का काम करते हैं।

राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार गरीब, मजदूर और वंचित वर्ग के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। ठंड से बचाव के लिए कंबल वितरण जैसे कार्यक्रम इसी सोच का हिस्सा हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे अपने आसपास जरूरतमंद लोगों की पहचान कर आगे आएं और हर संभव सहायता करें।
इस अवसर पर डायरेक्टर शराफत अंसारी ने राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी को एक ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में Bhojpur स्थित राजकीय महाविद्यालय में संस्कृत, उर्दू और सोशल साइंस जैसे विषयों को लागू किए जाने की मांग की गई। साथ ही छात्रों की उच्च शिक्षा को ध्यान में रखते हुए पीजी यानी स्नातकोत्तर स्तर तक पढ़ाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। शराफत अंसारी ने कहा कि पीजी कॉलेज की सुविधा न होने के कारण Bhojpur और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों में जाना पड़ता है, जिससे आर्थिक और सामाजिक परेशानियां बढ़ती हैं।
उन्होंने कहा कि यदि Bhojpur में ही स्नातकोत्तर शिक्षा की व्यवस्था हो जाती है तो नगर और देहात क्षेत्र के विद्यार्थियों को बाहर जाने की मजबूरी से राहत मिलेगी और शिक्षा का स्तर भी बेहतर होगा। इसके अलावा ज्ञापन में Bhojpur में फायर ब्रिगेड स्टेशन स्थापित किए जाने की मांग भी रखी गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में समय रहते राहत पहुंचाई जा सके।

शराफत अंसारी ने बुनकरों से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि मुरादाबाद, बिजनौर और बाराबंकी जिलों में कई बुनकरों को सरकारी सब्सिडी का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने मांग की कि पात्र बुनकरों को जल्द से जल्द सब्सिडी प्रदान की जाए, जिससे उनका जीवन स्तर सुधर सके और पारंपरिक उद्योग को मजबूती मिल सके।
राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने ज्ञापन पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि सभी मांगों को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित विभागों तक इन्हें पहुंचाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान भाकियू उपाध्यक्ष वली मोहम्मद, सभासद यासीन मलिक, तौकीर कुरैशी, नाजिर, इस्तेकार, आकिल मास्टर, वसीम, गुड्डू, शकील, बंटी, शानू और कमर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन में सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव देखने को मिला, जिसने ठंड के इस मौसम में मानवता की गर्माहट का अहसास कराया।
Read More:- बांग्लादेशी गेंदबाज़ Mustafizur Rahman केकेआर से बाहर, बीसीसीआई ने दिया आदेश

