Bareilly : मोबाइल छिनैती का शातिर बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
Bareilly । थाना सुभाषनगर पुलिस ने मोबाइल छिनैती की एक घटना का सफल खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, कारतूस तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पुराना चांदमारी निवासी विशाल ने 14 जून को थाना सुभाषनगर में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 जून को वह बीडीए गेट के पास मौजूद था, तभी बाइक सवार दो बदमाश उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर थाना सुभाषनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और मामले के खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिरों को सक्रिय किया तथा संदिग्ध अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी। इसी दौरान मंगलवार तड़के करीब एक बजे पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक बाइक पर सवार होकर क्षेत्र में घूम रहे हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हो सकते हैं।
सूचना मिलते ही थाना सुभाषनगर पुलिस सक्रिय हो गई और बरेली-बदायूं रोड स्थित कामख्या देवी मंदिर मार्ग के पास घेराबंदी कर दी गई। कुछ देर बाद पुलिस को संदिग्ध बाइक दिखाई दी। पुलिस ने जब बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया तो दोनों युवक भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया। पीछा किए जाने पर बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक गोली बदमाश के पैर में लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। हालांकि उसका साथी मौके का फायदा उठाकर अंधेरे में फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को तत्काल हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम समीर पुत्र नसीम जावेद निवासी जगतपुर, थाना बारादरी बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, छीना गया मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई। बरामद मोबाइल की पहचान पीड़ित विशाल के मोबाइल के रूप में की गई।
पुलिस ने घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की स्थिति खतरे से बाहर है और चिकित्सकीय निगरानी में उसका उपचार जारी है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी समीर का आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ बरेली जनपद के विभिन्न थानों में अपहरण, चोरी, धोखाधड़ी और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े कुल चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपी लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय था और उसके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने मुठभेड़ की घटना के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है तथा सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से उसकी तलाश जारी है।
थाना सुभाषनगर पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

