Jaipur News: जयपुर में ज्वेलरी शॉप से महिला चोर गैंग ने लाखों के गहने चुराए
शहर के मालपुरा गेट इलाके में एक ज्वेलरी शॉप से महिला चोरों ने ज्वेलर की मौजूदगी में लाखों रुपए के गहने चोरी कर लिए। महिला चोर गैंग ने ज्वेलर की नजर बचाकर ज्वेलरी से भरा बॉक्स अपने कपड़ों में छिपा लिया।

जयपुर शहर के सांगानेर इलाके में गोवर्धन नगर निवासी रामजीलाल की ज्वेलरी दुकान नीलम ज्वेलर्स से महिला चोरों ने लाखों रुपए के गहने चोरी कर लिए। घटना दोपहर करीब 2 बजे हुई, जब चार महिलाएं खरीदारी के बहाने दुकान में आईं और ज्वेलर की नजर बचाकर ज्वेलरी का एक बॉक्स अपने कपड़ों में छिपा कर ले गई।
दो सोने के बॉक्स चोरी
पुलिस के अनुसार, दोपहर में दो महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान आईं और ज्वेलरी देखने का बहाना किया। इसके तुरंत बाद दो और महिलाएं आईं। ज्वेलर ने चारों महिलाओं को गहने दिखाए। गहने पसंद न आने पर ज्वेलर ने पीछे लॉकर से डिजाइनर ज्वेलरी निकाली। इसी दौरान महिलाओं ने नजर बचाकर ज्वेलरी का एक बॉक्स चुराकर बाहर ले गई।
सीसीटीवी में नहीं कैद हुई वारदात
ज्वेलरी दिखाने के बाद चारों महिलाएं दुकान से बाहर चली गईं। करीब 15-20 मिनट बाद ज्वेलर को चोरी का पता चला। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन महिलाओं का कोई सुराग नहीं मिला। ज्वेलरी बॉक्स में करीब 5 पीस सोने के पैंडल और 8 पीस सोने की अंगूठियां थीं, जिनमें लगभग 35 ग्राम सोना था। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 4.50 लाख रुपए बताई जा रही है।
ज्वेलर ने मालपुरा गेट थाने में FIR दर्ज करवाई। वारदात के समय पूरे इलाके की बिजली चली गई थी। इसलिए सीसीटीवी में चोरी कैद नहीं हो पाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और महिला चोरों की तलाश में लगी हुई है।

