Rajasthan Weather: राजस्थान में भारी बारिश का कहर: माउंट आबू में 6 इंच बारिश, 8 जिलों में स्कूल बंद
जयपुर, 7 सितंबर। राजस्थान के कई जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। राज्य में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने सोमवार (9 सितंबर) को प्रदेश के 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 6 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। राहत की बात यह है कि 9 सितंबर के बाद बारिश में कमी आने की संभावना जताई गई है।

प्रशासन ने भारी बारिश को देखते हुए उदयपुर (नगर निगम सीमा के स्कूलों को छोड़कर), सलूंबर, जालोर, डूंगरपुर, सिरोही, बाड़मेर, जैसलमेर और बालोतरा जिलों में सोमवार को स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी है।
माउंट आबू में 6 इंच से ज्यादा बारिश, सड़क धंसी
सिरोही जिले के माउंट आबू में बीते 24 घंटे में 6 इंच से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। भारी बारिश के कारण सात घूम के पास सड़क का करीब 100 फीट हिस्सा धंस गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
अन्य जिलों में भी रुक-रुक कर बारिश जारी
राज्य के कई अन्य हिस्सों में भी रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इनमें प्रमुख रूप से अजमेर, जयपुर, ब्यावर, भीलवाड़ा, बालोतरा, दौसा, धौलपुर, डूंगरपुर, झालावाड़, कोटा, पाली, फलोदी, अलवर, राजसमंद, सवाई माधोपुर और श्रीगंगानगर के इलाकों में बारिश दर्ज की गई है।
माउंट आबू में 160MM पानी बरसा पिछले 24 घंटे के दौरान सिरोही के माउंट आबू में 160MM पानी बरसा। सिरोही में आबूरोड पर 29, देलदर में 25, उदयपुर के कोटड़ा में 25, फलासिया में 23, प्रतापगढ़ में 36, जोधपुर के शेरगढ़ में 23 और जालोर के जसवंतपुरा में 52MM बरसात दर्ज की गई।
हनुमानगढ़ के टिब्बी में 39, तलवाड़ा झील में 32, चित्तौड़गढ़ के राश्मी में 20, भरतपुर के भुसावर में 27, बाड़मेर के गुड़ामालानी में 29 और बांसवाड़ा के कुशलगढ़ में 18MM बारिश हुई।
बारिश क्यों हो रही है?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में मानसून की ट्रफ लाइन दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में बने डिप्रेशन सिस्टम से होकर श्योपुर, गुना, दमोह, माना, गोपालपुर होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है।
इसके अलावा, एक अन्य ट्रफ लाइन दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से उत्तर गुजरात की ओर जा रही है। इन दोनों सिस्टमों के प्रभाव से जोधपुर और उदयपुर संभाग में सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।
| क्रम | शहर | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|---|---|
| 1 | अजमेर | 29.3 | 22.3 |
| 2 | भीलवाड़ा | 28 | 24.4 |
| 3 | वनस्थली (टोंक) | 32.1 | 22.8 |
| 4 | अलवर | 32.2 | 24.8 |
| 5 | जयपुर | 32 | 24.9 |
| 6 | पिलानी | 33.7 | 23.5 |
| 7 | सीकर | 32 | 23.5 |
| 8 | कोटा | 31.4 | 25.2 |
| 9 | उदयपुर | 25.5 | 23.5 |
| 10 | बाड़मेर | 31.4 | 25.4 |
| 11 | जैसलमेर | 34 | 26.3 |
| 12 | जोधपुर | 31.9 | 25.2 |
| 13 | बीकानेर | 32.3 | 25.6 |
| 14 | चूरू | 34.2 | 25.3 |
| 15 | गंगानगर | 33.9 | 24.7 |
| 16 | नागौर | 31.4 | 24.5 |
| 17 | जालोर | 28.1 | 25.1 |
| 18 | करौली | 31.8 | 25.5 |
| 19 | दौसा | 33.2 | 25.6 |
| 20 | प्रतापगढ़ | 26.3 | 23.3 |
| 21 | झुंझुनूं | 33.2 | 24.4 |
| 22 | पाली | 29.6 | 22.9 |

