Rajasthan weather update: राजस्थान के चार जिलों में बारिश का येलो अलर्ट: टोडाभीम और हिंडौन में सुबह हुई रिमझिम
राजस्थान में शनिवार को अलवर, दौसा, भरतपुर और धौलपुर जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। करौली जिले के टोडाभीम, हिंडौन सहित कई इलाकों में आज सुबह 5 से 6 बजे के बीच हल्की रिमझिम बारिश हुई।

वहीं शुक्रवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। उदयपुर, जोधपुर, अजमेर और बीकानेर संभाग में आसमान साफ रहा और दिनभर तेज धूप देखने को मिली। जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में दोपहर बाद मौसम बदला और हल्के बादल छा गए थे।
झालरापाटन में 24MM बारिश, दो दिन के लिए भरतपुर संभाग में येलो अलर्ट
पिछले 24 घंटों में राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। झालावाड़ के झालरापाटन में सबसे ज्यादा 24 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा झालावाड़ शहर में 23 मिमी, बारां के छबड़ा में 17 मिमी, अटरू में 7 मिमी, छीपाबड़ौद में 6 मिमी और कोटा के कानावास में 2 मिमी वर्षा हुई।
मौसम विभाग जयपुर ने भरतपुर संभाग के जिलों में आगामी दो दिनों के लिए हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। स्थानीय लोगों को सतर्क रहने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
बीसलपुर बांध से पांचवें दिन भी पानी छोड़ा जा रहा
टोंक के बीसलपुर बांध से आज (शनिवार) पांचवें दिन भी एक गेट को 0.25 मीटर (25 सेंटीमीटर) खोलकर प्रति सेकेंड 1503 क्यूसेक पानी बनास नदी में छोड़ा जा रहा है।
कल भी हल्की बूंदाबांदी हुई थी
भरतपुर, धौलपुर, करौली, अलवर, दौसा, जयपुर समेत कई जिलों में शुक्रवार देर शाम बादल छाए थे। इन जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश, बूंदाबांदी हुई। राज्य के पश्चिमी जिलों में मौसम ड्राय रहने के कारण गर्मी बढ़ने लगी है। श्रीगंगानगर में शुक्रवार को सबसे ज्यादा तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
| क्रमांक | शहर | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|---|---|
| 1 | अजमेर | 32.8 | 24.3 |
| 2 | भीलवाड़ा | 33.2 | 24.6 |
| 3 | अलवर | 36.0 | 25.6 |
| 4 | जयपुर | 35.0 | 26.2 |
| 5 | पिलानी | 36.5 | 24.6 |
| 6 | सीकर | 34.4 | 24.7 |
| 7 | कोटा | 33.6 | 26.4 |
| 8 | चित्तौड़गढ़ | 33.6 | 26.4 |
| 9 | उदयपुर | 32.0 | 23.6 |
| 10 | बाड़मेर | 37.0 | 26.6 |
| 11 | जैसलमेर | 37.3 | 25.2 |
| 12 | जोधपुर | 34.7 | 26.2 |
| 13 | बीकानेर | 37.7 | 27.7 |
| 14 | चूरू | 36.9 | 26.2 |
| 15 | गंगानगर | 38.7 | 28.5 |
| 16 | नागौर | 33.6 | 25.2 |
| 17 | जालोर | 33.8 | 24.4 |
| 18 | करौली | 34.5 | 26.4 |
| 19 | दौसा | 35.1 | 25.4 |
| 20 | प्रतापगढ़ | 30.3 | 23.0 |
| 21 | झुंझुनूं | 34.7 | 25.9 |
| 22 | पाली | 33.3 | 24.6 |

