Odisha Villger Taliban Punishment: प्रेम विवाह की सजा, प्रेमी जोड़े को बैल बनाकर खेत जुतवाया: ग्रामीणों ने की तालिबानी क्रूरता
ओडिशा के रायगढ़ा जिले में एक प्रेमी जोड़े को प्यार करने की तालिबानी सजा दी गई। उनसे जानवरों की तरह खेत जुतवाया गया। उनका जुर्म इतना था कि उन्होंने गांव की परंपराओं के खिलाफ जाकर शादी की थी

ओडिशा में रायगड़ा जिले के कंजामयोजी गांव में प्रेमी जोड़े के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। लड़का और लड़की के गले पर बैलों की तरह हल बांधा गया और खेत जुतवाया गया। ग्रामीणों ने उन्हें कोड़े मारे और गांव से भगा दिया गया।
इस पूरी घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि युवक और युवती एक ही गोत्र के हैं। दोनों के बीच प्रेम की बात सामने आने पर आदिवासी समाज नाराज हो गया। क्योंकि एक ही गोत्र के युवक-युवती को भाई-बहन माना जाता है। इसी कारण ऐसे विवाह और प्रेम संबंधों पर रोक है।
पंचायत के आदेश पर बांस और लकड़ी का एक हल बनाया गया। लड़का और लड़की को उस हल से जानवरों की तरह बांधा गया. उसके बाद खेत में उनसे हल चलवाया गया। इस अमानवीय सजा से भी मन नहीं भरा तो डंडे से दोनों की पिटाई भी की गई। वीडियो में गांववाले दोनों से बैल की तरह हल जुतवाते और छड़ी मारते दिख रहे हैं।
प्रेमी जोड़े की तालिबानी सजा यहीं खत्म नहीं हुई। खेत में जानवरों की तरह हल जुतवाने के बाद दोनों को मंदिर ले जाया गया. दोनों का पाप धुलवाने के लिए कथित तौर पर शुद्धिकरण भी कराया गया। वीडियो सामने आने के बाद मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों ने रोष जताया है।
शुद्धिकरण का भी नाटक
खेत में हल चलवाने के बाद प्रेमी जोड़े को गांव के मंदिर ले जाया गया। जहां कथित तौर पर शुद्धिकरण अनुष्ठान कराया गया। ग्रामीणों के मुताबिक, इससे जोड़े का पाप धुल गया।
जुताई के बाद दोनों को लाठी से मार-मारकर गांव से बेदखल कर दिया गया। दोनों कहां गए हैं, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। थाना प्रभारी नीलकंठ बेहरा ने कहा कि घटना का पता लगा है। पुलिस टीम के साथ वे कंजामयोजी गांव में ही हैं। मामले की जांच की जा रही है।