Deepika Luthra Vs Amritpal Mehru: दीपिका लूथरा को धमकी देने वाला आरोपी पटियाला से गिरफ्तार: कंचन कुमारी हत्याकांड से जुड़ा मामला
अमृतसर की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर दीपिका लूथरा को धमकियां देने के मामले में पुलिस ने पटियाला से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर के अनुसार, आरोपी ज्यादा पढ़ा-लिखा नहीं है और उसका मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। इस केस की जांच साइबर क्राइम पुलिस टीम कर रही थी। आरोपी को पुलिस रिमांड मिल गया है और अब उससे आगे पूछताछ की जाएगी।
कमल कौर भाभी की हत्या के आरोपी के खिलाफ बोली थीं दीपिका
दरअसल, दीपिका लूथरा ने सोशल मीडिया पर कमल कौर भाभी (असली नाम: कंचन कुमारी) की हत्या के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों के खिलाफ पोस्ट की थी। इसके बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं।
कंचन कुमारी की हत्या और आरोपी की फरारी
गौरतलब है कि 11 जून को बठिंडा में एक कार से सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी ऊर्फ कमल कौर भाभी की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों हत्या के कुछ ही घंटों बाद संयुक्त अरब अमीरात (UAE) फरार हो गया।
दीपिका लूथरा को भी मिली थी जान से मारने की धमकी
पुलिस के अनुसार, मेहरों ने राज्य की दो अन्य महिला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को भी धमकियां दी थीं। दीपिका लूथरा को उनके “दोहरे अर्थ” वाले कंटेंट के कारण धमकियां मिल रही थीं, जिसके बाद उन्होंने खुद को घर में कैद कर लिया था।
अकाल तख्त के मुख्य ग्रंथी का विवादित बयान
इस मामले में नया मोड़ तब आया जब अकाल तख्त साहिब के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी मलकीत सिंह ने कंचन कुमारी की हत्या को उचित ठहराया। उन्होंने कहा: जो लोग अश्लीलता फैलाकर सिख कौम को बदनाम करते हैं, उनके साथ ऐसा व्यवहार गलत नहीं है। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया पर अश्लीलता से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं।