Rajasthan Weather: राजस्थान में इस बार समय से पहले दस्तक दे सकता है मानसून: फिलहाल तेज गर्मी का प्रकोप जारी
राजस्थान में इस बार मानसून की एंट्री तय समय से काफी पहले हो सकती है। सामान्यत: राज्य में मानसून की शुरुआत 20 जून के आसपास होती है, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार को देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि यह जून के पहले सप्ताह में ही राजस्थान में प्रवेश कर सकता है।

इस बीच प्रदेश में आंधी और बारिश का सिलसिला थमने के बाद एक बार फिर भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 7 जिलों में लू चलने की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 15 जिलों में दोपहर बाद आंधी और बारिश की भी संभावना जताई गई है। जिसके लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बाड़मेर में सबसे ज्यादा तापमान, झीलें सूखी
मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 46.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जैसलमेर में 45.4, फलोदी में 45.2, जोधपुर में 44.3, बीकानेर और जालोर में 43.5, कोटा में 43.1, चित्तौड़गढ़ में 42.8 और पाली में 42.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। चूरू और श्रीगंगानगर में भी तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रहा। तेज गर्मी का असर ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिल रहा है। सीकर जिले के रेवासा गांव में लू के कारण झील पूरी तरह से सूख चुकी है। मौसम विशेषज्ञों ने बताया- राज्य में अगले 3-4 दिन इसी तरह की गर्मी रहने की संभावना है। बताया जा रहा है कि 29 मई से हीटवेव से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रमुख शहरों का तापमान इस प्रकार रहा:
शहर | अधिकतम (°C) | न्यूनतम (°C) |
---|---|---|
बाड़मेर | 46.6 | 33.4 |
जैसलमेर | 45.4 | 33.1 |
जोधपुर | 44.3 | 30.8 |
बीकानेर | 43.5 | 30.7 |
जालोर | 43.5 | 30.4 |
कोटा | 43.1 | 31.8 |
पाली | 42.5 | 25.6 |
चूरू | 42.2 | 28.2 |
गंगानगर | 42.2 | 29.2 |
चित्तौड़गढ़ | 42.8 | 30.3 |
फतेहपुर | 40.8 | 28.3 |
जयपुर | 40.6 | 28.8 |
भीलवाड़ा | 41.8 | 29.0 |
अजमेर | 41.0 | 27.9 |
सीकर | 40.0 | 26.7 |
पिलानी | 39.0 | 26.3 |
झुंझुनूं | 39.3 | 27.4 |
करौली | 38.9 | 28.1 |
उदयपुर | 38.3 | 28.8 |
हनुमानगढ़ | 38.0 | 25.8 |
प्रतापगढ़ | 34.6 | 27.7 |
अगले तीन दिन राहत की उम्मीद नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले 3-4 दिन तक गर्मी का यह दौर जारी रहने की संभावना है। 29 मई के बाद हीटवेव से थोड़ी राहत मिल सकती है। कुछ जिलों में दोपहर बाद आंधी और हल्की बारिश के आसार भी जताए गए हैं।