Rajasthan Weather Update: उत्तर भारत में बर्फबारी का असर: राजस्थान में सर्द हवाओं से तापमान गिरा
उत्तर भारत में पिछले दिनों हुई बर्फबारी का असर अब मैदानी राज्यों में दिखने लगा। मंगलवार को राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तेज सर्द हवा चली। इससे राजस्थान के कई शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।

जयपुर का मौसम अपडेट
सोमवार को जयपुर में दिनभर आसमान साफ रहा और धूप खिली रही। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार सुबह 9 बजे जयपुर का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, लेकिन तेज ठंडी हवाओं के कारण ठंडक महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस चित्तौड़गढ़ जिले में दर्ज हुआ। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान संगरिया में 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आगे क्या रहेगा मौसम का हाल?
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि अगले एक सप्ताह तक राजस्थान में कोई नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना नहीं है। इस कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। अगले 48 घंटों में राज्यभर में 20-25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तरी हवाएं चलेंगी, जिससे दिन और रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट हो सकती है। हालांकि, 7-8 मार्च से हवाओं का असर कम होने लगेगा और तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि दर्ज की जाएगी।