सिंहद्वारेश्वर महादेव मंदिर से चोरी हुई शिव प्रतिमा बरामद, ऑटो चालक गिरफ्तार
जयपुर के इंदिरा बाजार स्थित प्राचीन सिंहद्वारेश्वर (महादेव) मंदिर से भगवान शंकर की प्रतिमा चोरी होने के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी की गई प्रतिमा भी बरामद कर ली है। आरोपी की पहचान एक ऑटो चालक के रूप में हुई है, जिससे फिलहाल पूछताछ जारी है। इस कार्रवाई के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार इंदिरा बाजार स्थित सिंहद्वारेश्वर महादेव मंदिर में 18 जून की सुबह भगवान शंकर की 11 इंच ऊंची प्रतिमा चोरी होने का मामला सामने आया था। मंदिर क्षेत्र के व्यापारी नियमित रूप से यहां पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करते हैं। सुबह करीब 11:30 बजे एक व्यापारी पूजा के लिए मंदिर पहुंचा तो उसने देखा कि शिव परिवार में स्थापित भगवान शंकर की प्रतिमा अपने स्थान पर नहीं है। प्रतिमा गायब मिलने पर उसने अन्य व्यापारियों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही इंदिरा बाजार व्यापार मंडल के पदाधिकारी और स्थानीय व्यापारी मंदिर परिसर पहुंचे। व्यापार मंडल के महामंत्री पदम ने पुलिस को शिकायत देकर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। फुटेज में सुबह करीब 9:15 बजे एक व्यक्ति मंदिर में प्रवेश करता और भगवान शंकर की प्रतिमा लेकर बाहर निकलता दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास शुरू किया गया।
मूर्ति चोरी की खबर पूरे बाजार में फैलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग मंदिर के बाहर एकत्रित हो गए। लोगों ने प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाला व्यक्ति ही प्रतिमा चोरी कर ले गया है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
व्यापार मंडल ने पुलिस प्रशासन से अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने, चोरी हुई प्रतिमा बरामद करने और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की मांग की। बढ़ते विरोध और लोगों के आक्रोश को देखते हुए कोतवाली थाना अधिकारी राजेश गौतम मौके पर पहुंचे और व्यापारियों से बातचीत की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर प्रतिमा बरामद करेगी।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। कुछ ही घंटों में पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसके कब्जे से भगवान शंकर की चोरी हुई प्रतिमा बरामद कर ली। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की व्यापारियों और श्रद्धालुओं ने सराहना की है।
सिंहद्वारेश्वर महादेव मंदिर जयपुर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक माना जाता है। सिंहद्वार क्षेत्र में स्थित होने के कारण इस मंदिर का नाम सिंहद्वारेश्वर महादेव पड़ा। जयपुर की स्थापना के समय से ही यह मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है। यहां से गुजरने वाला हर व्यक्ति मंदिर में शीश नवाकर आगे बढ़ता है। मंदिर परिसर में शिव परिवार की अन्य प्रतिमाओं के साथ एक छोटी हनुमान प्रतिमा भी स्थापित है, जो सुरक्षित है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि उसने प्रतिमा चोरी क्यों की तथा उसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह तो शामिल नहीं है। वहीं स्थानीय लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

