Moradabad Updates : प्रभारी मंत्री अनिल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक संपन्न
Moradabad Updates : मुरादाबाद सर्किट हाउस में प्रभारी मंत्री अनिल कुमार की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। डीएम अनुज कुमार सिंह और एसएसपी सतपाल अंतिल समेत अधिकारियों ने विकास योजनाओं व कानून-व्यवस्था की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और स्वच्छता पर विशेष जोर।
Moradabad Updates : प्रभारी मंत्री अनिल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक संपन्न
मुरादाबाद के सर्किट हाउस में प्रभारी मंत्री अनिल कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी अनुज कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल समेत जनपद के समस्त विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट की विस्तार से समीक्षा की और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विशेष रूप से स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क निर्माण, स्वच्छता और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर जोर देते हुए अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी अनुज कुमार सिंह ने जनपद में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्यों को गति दी जा रही है।
वहीं एसएसपी सतपाल अंतिल ने कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं रखीं। भाजपा जिला अध्यक्ष आकाश पाल, नगर विधायक रितेश गुप्ता, विधायक कुंदरकी रामवीर सिंह, महापौर विनोद कुमार तथा जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों और स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया।
प्रभारी मंत्री ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इसके लिए सभी विभागों को मिलकर काम करना होगा। बैठक के अंत में विकास कार्यों में तेजी लाने और जन समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष बल दिया गया।


