Moradabad Updates : नागफनी में रिश्तों का खून, साले ने जीजा को मारी गोली
Moradabad Updates : मुरादाबाद के नागफनी क्षेत्र में प्रॉपर्टी और पारिवारिक विवाद के चलते साले ने जीजा को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल मोहम्मद असद की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर पांच टीमें गठित की हैं और आरोपी की तलाश जारी है।
Moradabad Updates : नागफनी में रिश्तों का खून, साले ने जीजा को मारी गोली
मुरादाबाद जनपद के थाना नागफनी क्षेत्र के बंगला गांव चौकी के पास शुक्रवार रात रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। प्रॉपर्टी और पारिवारिक विवाद के चलते साले ने बेकरी व्यवसायी अपने जीजा को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल जीजा की अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान मोहम्मद असद निवासी जिगर कॉलोनी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात किसी बात को लेकर असद और उसके साले जफर के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रॉपर्टी और पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद बढ़ने पर आरोपी जफर ने तमंचे से फायर कर दिया, जिससे असद गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना नागफनी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य एकत्र किए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रॉपर्टी और पारिवारिक विवाद का प्रतीत हो रहा है।
हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने परिजनों से तहरीर लेकर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोग आपसी विवादों के हिंसक रूप लेने पर चिंता जता रहे हैं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है

