जनपद मुरादाबाद के नगर पंचायत भोजपुर के मोहल्ला घास मंडी में घर में घुसकर जेवर चोरी करने और विरोध करने पर महिलाओं के साथ मारपीट व चाकू से जानलेवा हमला करने के आरोप में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सात नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित हाजी दिलशाद द्वारा न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, घटना 23 नवंबर 2025 को दोपहर करीब 1:51 बजे की है। शिकायत में बताया गया है कि रामपुर निवासी अर्श इकबाल, हुदा इकबाल और उनके अन्य साथी एक राय होकर उनके घर में जबरन घुस आए। आरोप है कि आरोपियों ने घर में रखी तिजोरी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने के हार, कुंडल, नथनी, रानी हार सहित अन्य कीमती आभूषण और चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।
शिकायत के मुताबिक जब पीड़ित की पत्नी और पुत्री ने आरोपियों को चोरी करते हुए रोका, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की। विरोध बढ़ने पर अर्श इकबाल ने रसोई से सब्जी काटने वाला चाकू उठाकर महिलाओं पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान महिलाओं को चोटें आई और घर में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित का दावा है कि आरोपियों के घर में प्रवेश करने से लेकर चोरी का सामान लेकर बाहर निकलने तक की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है।
उन्होंने न्यायालय से न्याय की गुहार लगाई थी, जिस पर संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए गए। भोजपुर पुलिस ने न्यायालय के आदेश का अनुपालन करते हुए अर्श इकबाल, हुदा इकबाल, फैजान, हाफिज मोहम्मद इसरार, खुर्शीद, महफूज, नुरुल हसन उर्फ इदुआ समेत तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। मामले की जांच कस्बा चौकी प्रभारी जोगेंद्र तेवतिया को सौंपी गई है