होली के त्योहार से पहले आमजन और व्यापारियों को महंगाई का झटका लगा है। पेट्रोलियम कंपनियों ने एलपीजी गैस की कीमतों की समीक्षा के बाद कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं।
19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 27.50 रुपए की बढ़ोतरी की गई है।
राजस्थान में नया रेट

Rajasthan LPG Distributors Association के प्रदेशाध्यक्ष दीपक गहलोत के अनुसार नई रेट लिस्ट के मुताबिक राजस्थान में 19 किलो का कॉमर्शियल सिलेंडर अब 1769 रुपए की जगह 1796.50 रुपए में मिलेगा।
यह इस साल लगातार तीसरा महीना है जब कंपनियों ने कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की है।
तीन महीने में 188 रुपए की बढ़ोतरी
-
जनवरी में 111 रुपए प्रति सिलेंडर बढ़े
-
फरवरी में 49.50 रुपए की बढ़ोतरी
-
मार्च में 27.50 रुपए का इजाफा
इस तरह साल 2026 में अब तक कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पर कुल 188 रुपए की वृद्धि हो चुकी है।
इसका सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और छोटे व्यापारियों पर पड़ेगा, जिससे खाने-पीने की चीजें भी महंगी हो सकती हैं।
घरेलू सिलेंडर की कीमत स्थिर
हालांकि राहत की बात यह है कि घरेलू उपयोग के 14.2 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
वर्तमान में घरेलू सिलेंडर 856.50 रुपए में ही उपलब्ध रहेगा।
राज्य सरकार बीपीएल और उज्ज्वला कनेक्शनधारियों को रियायती दर पर सिलेंडर उपलब्ध करवा रही है।
त्योहार पर बढ़ी चिंता
होली के मौके पर जब बाजारों में रौनक बढ़ती है, ऐसे समय कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने से व्यापारियों की लागत बढ़ेगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रहा तो आने वाले महीनों में भी एलपीजी दरों में बदलाव देखने को मिल सकता है।
त्योहार के बीच आई इस बढ़ोतरी ने आमजन की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।