ईरान और इजरायल के बीच जारी तनाव के बीच राजस्थान के जोधपुर के 120 श्रद्धालु दुबई में फंस गए हैं। सभी श्रद्धालु बड़ा रामद्वारा सूरसागर के संत अमृतराम महाराज की कथा सुनने 23 फरवरी को दुबई पहुंचे थे।
24 से 28 फरवरी तक कथा का आयोजन सेवन सीज होटल में हुआ। कथा समाप्ति के बाद वे शनिवार देर रात भारत लौटने वाले थे।
Abu Dhabi एयरपोर्ट पर फ्लाइट रद्द

श्रद्धालु शनिवार रात करीब 1 बजे की फ्लाइट पकड़ने के लिए Abu Dhabi एयरपोर्ट पहुंचे थे। वहां पहुंचने के बाद उन्हें उड़ान रद्द होने की सूचना मिली।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में बढ़ते तनाव और सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट संचालन प्रभावित हुआ। पुलिस ने सभी यात्रियों को वापस होटल भेज दिया।
Devotees Stuck : मीना बाजार स्थित होटल में रुके

फिलहाल सभी श्रद्धालु दुबई के मीना बाजार क्षेत्र के एक होटल में ठहरे हुए हैं। इनमें मंडोर और सूरसागर के माली समाज के करीब 100 लोग शामिल हैं।
लगातार मिसाइल हमलों और युद्ध की खबरों से श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल है।
परिजनों में चिंता, मदद की मांग

जोधपुर में उनके परिवारजन चिंतित हैं। पूर्व जेडीए अध्यक्ष राजेंद्र सिंह सोलंकी ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से राज्य और केंद्र सरकार के स्तर पर हस्तक्षेप कर सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कराने की मांग की है।
श्रद्धालुओं ने भी भारत सरकार से तत्काल सहायता और सुरक्षित स्वदेश वापसी की अपील की है।
अनिश्चितता बरकरार
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि एयरपोर्ट कब तक पूरी तरह सामान्य होगा और ये सभी श्रद्धालु कब तक भारत लौट पाएंगे।
युद्ध जैसे हालातों के बीच विदेशों में फंसे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। परिजन जल्द से जल्द सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।