मदन राठौड़ : तेजस्वी संघीय ढांचे की समझ के बिना राजनीति कर रहे हैं

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने तेजस्वी यादव पर संघीय ढांचे की समझ न होने का आरोप लगाया। अंता उपचुनाव में भाजपा की भारी जीत का दावा किया

जयपुर : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बिहार चुनाव, तेजस्वी यादव और राजस्थान में अंता उपचुनाव को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव संघीय ढांचे की समझ के बिना राजनीति कर रहे हैं। भारत एक संघीय गणराज्य है और जो निर्णय केंद्र सरकार लेती है, उसे हर राज्य को मानना होता है।
राठौड़ ने कहा, “तेजस्वी यादव का यह कहना कि वे कुछ केंद्रीय कानून अपने राज्य में लागू नहीं होने देंगे, यह न केवल बचकानी सोच है बल्कि संविधान की अवमानना भी है। देश एक है, कोई भी प्रदेश इससे अलग नहीं हो सकता।”
उन्होंने आगे कहा कि तेजस्वी यादव कांग्रेस की ही भाषा बोल रहे हैं। पहले राहुल गांधी ऐसी बातें करते थे, अब तेजस्वी वही शब्दावली अपना रहे हैं, लेकिन बिहार की जनता भ्रम में नहीं आएगी। भाजपा की सरकार बिहार में बनकर रहेगी और पार्टी की नीतियां पूरे देश में समान रूप से लागू होंगी।
कांग्रेस की तुष्टिकरण नीति पर बरसे मदन राठौड़ :

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति करती आई है — कभी किसी वर्ग विशेष को खुश करने के लिए, तो कभी गठबंधन के दबाव में निर्णय लेती है।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस को अपने सहयोगियों की शर्तें माननी पड़ती हैं, वरना उनका गठबंधन टूट जाता है। यही कारण है कि कांग्रेस बार-बार नैतिकता से समझौता करती है।”
चारा घोटाले के सवाल पर राठौड़ ने कहा कि लालू प्रसाद यादव पर गंभीर आरोप साबित हुए, फिर भी कांग्रेस ने उन्हें बचाने का प्रयास किया था। लेकिन न्याय व्यवस्था ने सच्चाई को उजागर किया।
मतदाता सूची की समीक्षा पर मदन राठौड़ का समर्थन :

मदन राठौड़ ने कहा कि यदि देश में एसआईआर सर्वे या मतदाता सूची की समीक्षा की जा रही है, तो यह स्वागत योग्य कदम है।
उन्होंने कहा, “जो लोग गलत तरीके से अपने नाम जुड़वा चुके हैं, वही डर रहे हैं। यदि किसी का नाम गलत तरीके से हटाया जा रहा है, तो उसे डरने की जरूरत नहीं। देश का निर्णय देश का सच्चा नागरिक करेगा, ईमानदार लोगों को डरने की कोई वजह नहीं है।”
कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर मदन राठौड़ ने किया तंज :

राठौड़ ने कांग्रेस में चल रही अंदरूनी कलह पर कहा कि कांग्रेस आज एकजुटता की बात कर रही है, जबकि उसी ने अपने ही मुख्यमंत्री को नीचा दिखाया था।
उन्होंने कहा, “जो आज ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ की बातें करते हैं, वही अपने विधायकों को बेचने पर मजबूर कर चुके हैं। क्या उनके अपने विधायक बिकाऊ माल हैं?”
राठौड़ ने स्पष्ट किया कि भाजपा में न तो विद्रोह है, न असंतोष। “भाजपा पार्टी एकजुट है। चुनावी तैयारी पूरी है। हमारे प्रत्याशी मोरपाल सुमन और कार्यकर्ता पूरी मजबूती से मैदान में हैं। वसुंधरा राजे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं निगरानी कर रहे हैं।”
भाजपा की उपलब्धियों पर बोले मदन राठौड़ :


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने राजस्थान में उद्योग, बिजली, जल और सड़क जैसे चारों मोर्चों पर उत्कृष्ट कार्य किया है।
“भजनलाल शर्मा सरकार ने रिकॉर्ड गति से काम किया है। पिछली कांग्रेस सरकार ने पांच साल में ईआरसीपी और बिजली व्यवस्था पर कोई ठोस कार्य नहीं किया था। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में रामजल सेतु परियोजना शुरू हो चुकी है, टेंडर जारी हुए हैं और पाइपलाइन बिछाने का काम भी शुरू हो गया है।”
राठौड़ ने कहा कि जनता समझ चुकी है कि विकास के असली काम भाजपा सरकार के नेतृत्व में ही हुए हैं।
अंता उपचुनाव में भाजपा की भारी जीत का दावा :

अंता उपचुनाव को लेकर राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्याशी कलंकित छवि वाला व्यक्ति है।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस का उम्मीदवार और उसकी पत्नी दोनों जमानत पर हैं, उन पर भ्रष्टाचार और गबन के गंभीर आरोप हैं। उनके ही मंत्री उन पर भ्रष्टाचार के खुलासे कर चुके हैं। ऐसे कलंकित उम्मीदवार को जनता स्वीकार नहीं करेगी।”
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्याशी ईमानदार, कर्मठ और जनता से जुड़ा हुआ है। “कांग्रेस जैसा कलंकित प्रत्याशी भाजपा का नहीं हो सकता। जनता अब तुलना कर चुकी है। भाजपा अंता में भारी मतों से जीत दर्ज करेगी।”
विपक्ष के गलत हथकंडों पर चेतावनी :

राठौड़ ने आरोप लगाया कि विपक्ष चुनाव जीतने के लिए गलत तरीकों का सहारा ले रहा है।
उन्होंने कहा, “हाल ही में 9 करोड़ रुपए और शराब जब्त की गई है, जो चुनावी नैतिकता के खिलाफ है। लेकिन जनता सब जानती है, वह समय आने पर जवाब देगी।”
उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों के आधार पर पार्टी एक बार फिर जनता का भरोसा जीतेगी।
Read More : श्रीडूंगरगढ़ में प्रजापति समाज समारोह, मंत्री कुमावत ने दी शिक्षा की सीख

