कर्नाटक के महामहिम राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने किए नागेश्वर पार्श्वनाथ के दर्शन

कर्नाटक के महामहिम राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने झालावाड़ जिले के विश्वविख्यात नागेश्वर पार्श्वनाथ जैन तीर्थ पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और साध्वी स्मितदर्शीता जी से आशीर्वाद प्राप्त किया।
गंगधार : कर्नाटक के महामहिम राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने रविवार को अपने निजी दौरे के दौरान विश्वविख्यात नागेश्वर पार्श्वनाथ जैन तीर्थ (उन्हेल नागेश्वर) पहुंचकर दर्शन और पूजा-अर्चना की। गहलोत का यह दौरा धार्मिक आस्था और आध्यात्मिकता से जुड़ा रहा।

राज्यपाल गहलोत का स्वागत उपखण्ड अधिकारी छत्रपाल सिंह चौधरी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजी लाल मीणा ने किया। तीर्थ परिसर में पहुंचने पर पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
पूजा-अर्चना और साध्वी स्मितदर्शीता जी का आशीर्वाद
महामहिम गहलोत ने नागेश्वर पार्श्वनाथ भगवान की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने तीर्थ स्थल पर चातुर्मास कर रहीं जैन साध्वी स्मितदर्शीता जी से भी आशीर्वाद लिया।
उन्होंने कहा कि “यह तीर्थस्थल मेरी आध्यात्मिक आस्था का केंद्र है। मैं सन 1980 से यहां नियमित रूप से दर्शन करने आता रहा हूँ।”
तीर्थ मंडल और संगठन द्वारा गर्मजोशी से स्वागत
राज्यपाल गहलोत का तीर्थ पेढ़ी ट्रस्ट मंडल और जैन युवा संगठन नवरत्न परिवार की ओर से गर्मजोशी से स्वागत और बहुमान किया गया।
नवरत्न परिवार शाखा नागेश्वर तीर्थ के जिला अध्यक्ष सोनू जैन ने राज्यपाल का शॉल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि नागेश्वर पार्श्वनाथ जैन तीर्थ न केवल आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि यह देशभर के लिए शांति, सह-अस्तित्व और सद्भावना का प्रेरक केंद्र है।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
राज्यपाल के दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी।
सुरक्षा की कमान उपखण्ड अधिकारी छत्रपाल सिंह चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजी लाल मीणा, डीएसपी जयप्रकाश अटल, थाना प्रभारी अमरनाथ जोगी, रामकरण कटारिया और भंवर सिंह गुर्जर सहित कई पुलिस अधिकारियों ने संभाली।
तीर्थ परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने की सौहार्दपूर्ण भेंट
राज्यपाल से मुलाकात करने वालों में उन्हेल भाजपा मंडल अध्यक्ष हेमराज सिंह बना के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल शामिल था।
मुलाकात करने वालों में पूर्व मंडल अध्यक्ष गौतम जैन, प्रशासक विजय सिंह केलुखेड़ा, शंकर सिंह बना, हरिमोहन वर्मा, दिलीप मोरी, आदित्य कटारिया, और महामंत्री सुरेश जैन सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद थे।
कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल का स्वागत कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके आगमन से नागेश्वर तीर्थ की धार्मिक गरिमा और गौरव में वृद्धि हुई है।
Read More : जयपुर बस हादसा : हाईटेंशन लाइन छूते ही बस में लगी आग, 2 की मौत, कई घायल

