Shilpa Shetty Birthday: शिल्पा शेट्टी ने मनाया 50वां जन्मदिन: मॉडलिंग से लेकर बॉलीवुड तक का सफर बना मिसाल
90 के दशक की पॉपुलर एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी आज अपना 50वां जन्मदिन मना रही हैं। उनका जन्म 8 जून, 1975 को मंगलौर, कर्नाटक में सुनंदा शेट्टी और सुरेंद्र शेट्टी के घर पर हुआ था। वो अपनी फिल्मों के साथ-साथ खूबसूरती और फिटनेस को लेकर भी खूब सुर्खियों में रहती हैं। आज उन्हें सिर्फ एक अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि एक सफल बिजनेस वुमन के रूप में देखा जाता है।

अपनी अदाओं और लटके-झटकों से यूपी-बिहार लूटने वालीं अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी का एक समय पर बॉलीवुड में सिक्का चलता था। शिल्पा जिस फिल्म में होती थीं। वो फिल्म हिट हो जाया करती थी। अक्षय कुमार के साथ उनकी जोड़ी काफी पसंद की गई थी। मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत करने वालीं शिल्पा शेट्टी ने महज 16 साल की उम्र में साल 1991 में अपना पहला विज्ञापन किया था। उन्हें लिम्का का एक ऐड मिला था जिसमें अभिनेत्री ने काम किया।
कैसे मिली थी पहली फिल्म?
एक इंटरव्यू में खुद शिल्पा ने बताया था कि उन्हें पहली फिल्म मिलना किसी चमत्कार से कम नहीं था। नॉन फिल्मी बैकग्राउंड से होने के चलते उनके लिए बॉलीवुड में आना बिल्कुल भी आसान नहीं था। उन्होंने बताया था, ‘जब मैं किशोरी थी तो एक फैशन शो में गई थी। यहां मेरी मुलाकात एक फोटोग्राफर से हुई थी। इसके बाद उसी ने मुझे मेरी पहली फिल्म दिलाने में मदद की थी। हालांकि इंडस्ट्री में टिके रहना मेरे लिए बिल्कुल भी आसान नहीं था। मुझे कई बार बिना कारण बताए कई फिल्मों से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाता था।
2009 में राज कुंद्रा से की थी शादी
बॉलीवुड में अपने करियर के शुरुआती दिनों के दौरान शिल्पा शेट्टी का नाम सुपरस्टार अक्षय कुमार के साथ खूब जुड़ा था. दोनों ने अपने अफेयर से जमकर सुर्खियां बटोरी थीं। हालांकि जल्द ही दोनों का ब्रेकअप हो गया था। शिल्पा ने अक्षय पर चीट करने के आरोप लगाए थे। अक्षय से अलग होने के कई सालों के बाद शिल्पा ने 2009 में बिजनेसमैन राज कुंद्रा से शादी की थी। दोनों एक लग्जरी लाइफस्टाइल जीने के लिए जाने जाते हैं। मुंबई में कपल का समंदर के पास ‘किनारा’ नाम का एक आलीशान घर है. इसके अलावा उनकी लंदन में भी संपत्ति है। राज की टोटल नेटवर्थ 2800 करोड़ रुपये है।
करीब 40 फिल्मों में किया काम
अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने हिंदी, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ भाषा को मिलाकर करीब 42 फिल्मों में काम किया है। फिल्म ‘बाजीगर’ से बॉलीवुड में डेब्यू के बाद लीड रोल में वो पहली बार फिल्म ‘आग’ (1994) में नजर आई थीं। ‘शूल’, ‘धड़कन’, ‘कर्ज’, ‘जानवर’, ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’, ‘खुशी’, ‘इंसाफ’, ‘आओ प्यार करें’, ‘इंडियन’, ‘शादी करके फंस गया यार’, ‘रिश्ते’, ‘फरेब’ और ‘दस’ जैसी फिल्मों में उनके काम को काफी पसंद किया गया था। आखिरी बार शिल्पा को वेब सीरीज ‘इंडियन पुलिस फोर्स’ में देखा गया था जिससे ठीक पहले उन्हें ‘सुखी’ फिल्म में एक दमदार महिला के रोल में देखा गया।