Gold Price: सोने-चांदी के दाम में गिरावट: 10 ग्राम सोना 146 रुपए सस्ता हुआ
आज मंगलवार, 27 मई को सोने और चांदी के दामों में गिरावट दर्ज की गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 146 रुपए घटकर 95,667 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया है। कल यह कीमत 95,813 रुपए प्रति 10 ग्राम थी।

चांदी की कीमतों में भी गिरावट देखी गई है। आज चांदी का भाव 40 रुपए घटकर 97,357 रुपए प्रति किलो हो गया है, जबकि कल यह 97,397 रुपए प्रति किलो था।
इसके पहले, सोने ने 21 अप्रैल को ₹99,100 और चांदी ने 28 मार्च को ₹1,00,934 का अपना रिकॉर्ड उच्चतम स्तर बनाया था।
साल के अंत तक 1.10 लाख रुपए तक पहुंच सकता है सोना
अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी-चीन के बीच बढ़ते व्यापारिक तनाव और वैश्विक मंदी की आशंकाओं के कारण इस साल सोने की कीमतें 3,700 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकती हैं। इसे भारत के बाजार के हिसाब से देखें तो 10 ग्राम सोने के दाम साल के अंत तक 1.10 लाख रुपए तक पहुंचने की संभावना है। यह अनुमान विदेशी निवेश बैंक गोल्डमैन सैक्स ने जारी किया है।
सर्टिफाइड और हॉलमार्क्ड सोना ही खरीदें
विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड सोना ही खरीदना चाहिए। सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड होता है, जिसे हॉलमार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर (HUID) कहते हैं। यह नंबर अल्फान्यूमेरिक होता है, जैसे कि AZ4524। हॉलमार्किंग की मदद से खरीदार यह जान सकता है कि सोना कितने कैरेट का है और उसकी गुणवत्ता क्या है।