Gold Price Today: सोने-चांदी के दाम में गिरावट: 10 ग्राम सोना ₹93,619 और चांदी ₹95,250 प्रति किलो पर पहुंची
आज यानी 19 मई को सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम ₹39 कम होकर ₹93,619 हो गया है। इससे पहले यह ₹93,658 प्रति 10 ग्राम था।

वहीं, चांदी की कीमत ₹338 घटकर ₹95,250 प्रति किलो रह गई है। इससे पहले इसका भाव ₹95,588 प्रति किलो था। गौरतलब है कि 21 अप्रैल को सोना ₹99,100 प्रति 10 ग्राम और 28 मार्च को चांदी ₹1,00,934 प्रति किलो के ऑल टाइम हाई पर पहुंची थी।
85 हजार तक गिर सकता है सोना
विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका-चीन ट्रेड वॉर में कमी और भारत-पाक सीजफायर जैसे वैश्विक कारकों के चलते सोने की कीमतों में दबाव देखा जा रहा है। इसके चलते आने वाले दिनों में सोने में और गिरावट आ सकती है। अनुमान है कि शॉर्ट टर्म में इसकी कीमतें ₹85,000 प्रति 10 ग्राम तक गिर सकती हैं। हालांकि दीर्घकाल में कीमतों में फिर से तेजी आने की संभावना जताई गई है।
इस साल अब तक ₹17,457 महंगा हुआ सोना
1 जनवरी 2025 से अब तक सोना ₹17,457 महंगा हो चुका है। इस साल की शुरुआत में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव ₹76,162 था, जो अब ₹93,619 तक पहुंच गया है। वहीं, चांदी भी ₹86,017 प्रति किलो से बढ़कर ₹95,250 हो गई है यानी ₹9,233 की तेजी आई है। पिछले साल 2024 में सोना ₹12,810 महंगा हुआ था।
हमेशा सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें
गोल्ड खरीदते समय हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही लें। हॉलमार्क कोड 6 अंकों का होता है, जिसे हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर (HUID) कहा जाता है। यह अल्फान्यूमेरिक होता है, जैसे – AZ4524। इस कोड के जरिए यह पुष्टि की जा सकती है कि सोना कितने कैरेट का है।