Saif Ali Khan Flat Attack Case Update: सैफ हमला केस-महाराष्ट्र के मंत्री ने एक्टर को कचरा बताया: नितेश राणे ने कहाँ की अच्छा है, कचरे को कहीं और ले जाना चाहिए
एक्टर सैफ अली खान हमला मामले में अब राजनीति भी शुरू हो गई है। महाराष्ट्र के मंत्री और भाजपा नेता नितेश राणे ने बुधवार (22 जनवरी) को पुणे की एक सभा में कहा कि आप मुंबई में बांग्लादेशियों को देखिए। वे सैफ के घर में घुस रहे हैं।

पहले वे सड़क के किनारे खड़े रहते थे। अब उन्होंने घर में घुसना शुरू कर दिया है। हो सकता है कि वह उन्हें (सैफ अली खान) ले जाने आया हो। अच्छा है, कचरे को कहीं और ले जाना चाहिए।
नितेश राणे ने आगे कहा,”जब वह अस्पताल से बाहर आया तो मुझे संदेह हुआ कि वाकई में उसे चाकू मारा गया था या नहीं। क्योंकि अस्पताल से बाहर आने के बाद वो शाहरुख खान की तरह नाच रहा था। जब भी कभी शाह रुख खान या सैफ अली खान को चोट लगती है, लोग बात करना शुरू कर देते हैं, लेकिन जब सुशांत सिंह राजपूत जैसे हिंदू अभिनेता पर अत्याचार होता है, तो कोई कुछ भी कहने के लिए आगे नहीं आता। उन्होंने आगे कहा,”मुंब्रा के जीतुद्दीन (जितेंद्र अव्हाड) और बारामती की ताई (सुप्रिया सुले) कुछ भी कहने के लिए आगे नहीं आए। वे केवल सैफ अली खान, शाहरुख खान के बेटे और नवाब मलिक के बारे में चिंतित हैं। क्या आपने कभी उन लोगों को हिंदू कलाकार के बारे में चिंता करते हुए देखा।
सैफ की फिटनेस पर संजय निरुपम ने भी उठाया सवाल
इससे पहले मंगलवार (21 जनवरी) को सेना नेता संजय निरुपम ने भी सैफ की फिटनेस पर हैरानी जताई थी। उन्होंने एक्स पर सैफ की एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, डॉक्टरों का कहना था कि सैफ अली खान की पीठ में 2.5 इंच अंदर तक चाकू घुसा था। संभवत: अंदर ही फंसा था। लगातार 6 घंटे ऑपरेशन चला। यह सब 16 जनवरी की बात है। आज 21 जनवरी है।अस्पताल से निकलते ही इतना फिट ? सिर्फ 5 दिन में ? कमाल है !
क्या है मामला?
बीती 16 जनवरी को एक शख्स ने मुंबई के बांद्रा स्थित घर में घुसकर सैफ अली खान पर चाकू से हमला किया था। इस हमले में सैफ बुरी तरह से घायल हुए थे और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी सर्जरी हुईं। सैफ इलाज के बाद मंगलवार (21 जनवरी) को डिस्चार्ज हो गए थे। सैफ पर हमले के आरोपी की पहचान मोहम्मद शरीफुल शहजाद के रूप में हुई है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी बांग्लादेशी नागरिक है और वह अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था।
नितेश राणे कौन हैं?
23 जून 1982 को जन्मे नितेश राणे केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के बेटे हैं और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक हैं। नितेश राणे कणकवली विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। नितेश राणे अक्सर अपने बेबाक और विवादास्पद बयानों के लिए मीडिया की सुर्खियों में बन रहते हैं।