श्रीगंगानगर की दिल दहला देने वाली घटना: मानवता को शर्मसार करता समाज का क्रूर चेहरा
श्रीगंगानगर: “मैं अभी 13 वर्ष की भी नहीं हूं। उस दिन घर में किसी बात पर मन दुखी हुआ तो गुस्से और नासमझी में मैं घर से बाहर निकल आई। मुझे नहीं पता था कि बाहर की दुनिया इतनी बेरहम होगी…” श्रीगंगानगर की एक मासूम बच्ची के ये शब्द केवल एक पीड़िता की आपबीती नहीं हैं, बल्कि यह हमारे पूरे समाज, कानून-व्यवस्था और इंसानियत के मुंह पर एक करारा तमाचा हैं। गुस्से और नासमझी में उठाए गए एक छोटे से कदम ने उस बच्ची को नरक के ऐसे दलदल में धकेल दिया, जिसकी कल्पना मात्र से ही रूह कांप उठती है। यह घटना यह सोचने पर मजबूर करती है कि क्या हम वाकई एक सुरक्षित और सभ्य समाज में रह रहे हैं?

भरोसे का कत्ल और दरिंदगी की शुरुआत
जब कोई मासूम अपनों से रूठकर घर से बाहर कदम रखती है, तो वह अनजाने में ही सही, बाहरी दुनिया से किसी सहारे या सहानुभूति की उम्मीद करती है। लेकिन इस बच्ची का सामना सबसे पहले एक ऐसे रिक्शा चालक से हुआ, जिसने इंसानियत को ताक पर रख दिया। मदद करने के बहाने उसने चंद पैसों के लालच में उस बच्ची को एक होटल मालिक के हाथों बेच दिया। यहीं से उस १३ वर्षीय मासूम के जीवन का वह खौफनाक अध्याय शुरू हुआ, जिसने उसके बचपन को हमेशा-किए उजाड़ दिया।
उसे एक सामान की तरह तीन अलग-अलग होटल मालिकों के हवाले किया गया। कानून और समाज से बेखौफ इन रसूखदार अपराधियों ने मिलकर उसे जबरन देह व्यापार के धंधे में धकेल दिया। वह रोती रही, गिड़गिड़ाती रही, अपने घर और मां-बाप को याद कर मदद की भीख मांगती रही, लेकिन उन जालिमों का दिल नहीं पसीजा। वे उसे लगातार अलग-अलग पैसों के भूखे दरिंदों के आगे परोसते रहे। सिर्फ पांच दिनों के भीतर, ३० से ज्यादा दरिंदों ने उस मासूम के शरीर और आत्मा को नोंचा। पांच रातों तक वह असहनीय दर्द, चीखें और छटपटाहट सहती रही, और खुद से सिर्फ एक ही सवाल पूछती रही—”मेरा कसूर क्या था? सिर्फ यह कि मैं नाराज होकर घर से निकली थी?”
व्यवस्था और समाज की नाकामी
यह दर्दनाक वाकया हमारी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। एक छोटे शहर में, तीन अलग-अलग होटलों के भीतर पांच दिनों तक एक नाबालिग बच्ची के साथ यह सब होता रहा, लेकिन स्थानीय प्रशासन या पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। क्या इन व्यावसायिक होटलों की कोई चेकिंग नहीं होती? क्या चंद रुपयों के मुनाफे के लिए मासूमों का सौदा करने वाले इन होटल व्यवसायियों में कानून का कोई डर नहीं बचा है? इसके अलावा, यह घटना माता-पिता और बच्चों के बीच बढ़ते संवाद के अभाव (Communication Gap) को भी दर्शाती है। आज के समय में यह बेहद जरूरी हो गया है कि घरों में ऐसा सुरक्षित माहौल हो जहां बच्चे अपनी नाराजगी या तनाव को खुलकर साझा कर सकें, ताकि वे गुस्से में ऐसा कोई आत्मघाती कदम न उठाएं।

