Tejashwi Yadav Bihar Adhikar Yatra: तेजस्वी यादव की बिहार अधिकार यात्रा: रोजगार, विकास और अमित शाह की धमकी पर सवाल
पटना: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की बिहार अधिकार यात्रा शनिवार को पांचवें और अंतिम दिन में प्रवेश कर गई। तेजस्वी यादव सुबह समस्तीपुर के सर्किट हाउस से वैशाली के लिए रवाना हुए।

उन्होंने कहा कि “हमें कलम चाहिए, कारखाना और रोजगार चाहिए। पिछले 20 साल में आप लोगों को क्या मिला? मोदी जी फैक्ट्री गुजरात में लगवा रहे हैं, हमें बिहार में विकास और विक्ट्री चाहिए। जब तेजस्वी आएंगे, पढ़ाई, कमाई, दवाई और सिंचाई वाली सरकार बनेगी और सबका काम होगा।”
बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। एनडीए से लेकर महागठबंधन अपनी-अपनी रणनीति में जुटे हैं। तेजस्वी यादव ने अपनी ‘बिहार अधिकार यात्रा’ के दौरान महागठबंधन की रणनीति और सरकार गठन की संभावनाओं पर खुलकर बात की। उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आएगा। तेजस्वी यादव ने गृह मंत्री अमित शाह की कथित धमकी, नीतीश कुमार के स्वास्थ्य, और बीजेपी की नीतियों पर भी तीखे सवाल उठाए। उन्होंने बिहार के विकास और रोजगार पर विशेष जोर दिया।
राजद एमएलसी सुनील सिंह ने दावा किया कि बिहार अधिकार यात्रा रिकॉर्ड तोड़ होगी। जिले में ऐसा भव्य कार्यक्रम पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पूरा राज्य समझ चुका है कि तेजस्वी यादव का कोई विकल्प नहीं है।
ऐमिम से गठबंधन नहीं तो वोट नहीं के नारे
यात्रा के तीसरे दिन गुरुवार रात मधेपुरा के सिंहेश्वर प्रखंड अंतर्गत झिटकिया में तेजस्वी यादव को विरोध का सामना करना पड़ा। स्थानीय मुस्लिम युवाओं ने AIMIM से गठबंधन की मांग करते हुए कहा कि यदि RJD मुसलमानों की जनसंख्या के अनुसार उन्हें राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं देगा, तो वे वोट नहीं देंगे।
इस यात्रा के दौरान तेजस्वी यादव ने बिहार में रोजगार सृजन, शिक्षा सुधार, स्वास्थ्य सुविधाओं और कृषि विकास को लेकर अपने एजेंडे पर जोर दिया। महागठबंधन की विजय और राज्य में विकास का संदेश देने के लिए यह यात्रा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

