पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने जनसुनवाई में फरियादियों की समस्याएं सुनीं
मुरादाबाद। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने अपने कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान देहात क्षेत्र से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
![]()
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने स्पष्ट रूप से कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित रखना या उसमें लापरवाही बरतना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर पीड़ितों को न्याय दिलाने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई व्यवस्था एवं महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावी व संवेदनशील बनाया जाए। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से महिलाओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार थाना या पुलिस कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि थाना स्तर से जिन मामलों का समाधान संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर थाना स्तर पर ही समयबद्ध तरीके से निस्तारित किया जाए। इसके साथ ही शिकायतों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा फरियादियों को उनकी शिकायत की स्थिति से समय-समय पर अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने कहा कि जनसुनवाई के माध्यम से पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास को और मजबूत किया जा रहा है, जिससे कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे और नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।

