Twin Birth : रामचरण-उपासना बने जुड़वां बच्चों के माता-पिता, चिरंजीवी ने दी खुशखबरी, मां और बच्चे स्वस्थ
Twin Birth : साउथ सुपरस्टार रामचरण और उनकी पत्नी उपासना कोनिडेला के घर जुड़वां बच्चों का जन्म हुआ है। अपोलो हॉस्पिटल में हुई डिलीवरी के बाद चिरंजीवी ने पुष्टि की कि मां और दोनों नवजात पूरी तरह स्वस्थ हैं।
Twin Birth : रामचरण-उपासना के घर आई डबल खुशखबरी
साउथ फिल्म इंडस्ट्री से बड़ी और खुश कर देने वाली खबर सामने आई है। सुपरस्टार रामचरण दूसरी बार पिता बन गए हैं। उनकी पत्नी उपासना कोनिडेला ने 31 जनवरी को हैदराबाद के अपोलो हॉस्पिटल में जुड़वां बच्चों को जन्म दिया है। इस खबर की आधिकारिक पुष्टि रामचरण के पिता और मेगास्टार चिरंजीवी ने की है।
डिलीवरी के बाद मां और दोनों नवजात पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं। जैसे ही यह खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्स की ओर से बधाइयों की बाढ़ आ गई।
Twin Birth : बेटी को गोद में लिए अपोलो हॉस्पिटल पहुंचे रामचरण
जुड़वां बच्चों के जन्म की खबर मिलते ही रामचरण अपनी बेटी के साथ हैदराबाद के अपोलो हॉस्पिटल पहुंचे। अस्पताल के बाहर मीडिया और फैंस की भारी भीड़ मौजूद थी। इस दौरान रामचरण अपनी बेटी को गोद में लिए नजर आए और सिक्योरिटी के बीच अस्पताल के अंदर जाते दिखे।
फैंस के लिए यह पल बेहद भावुक और खास रहा। इससे जुड़े वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
चिरंजीवी ने सोशल मीडिया पर की घोषणा
मेगास्टार चिरंजीवी ने अपने आधिकारिक X अकाउंट (पूर्व में ट्विटर) के जरिए फैंस को यह खुशखबरी दी। उन्होंने लिखा—
“दोनों बच्चे और मां स्वस्थ हैं और ठीक हैं। दादा-दादी के रूप में इन नन्हे मेहमानों का अपने परिवार में स्वागत करना हमारे लिए शुद्ध आनंद और दिव्य आशीर्वाद का पल है। हम सभी की प्रार्थनाओं, प्यार, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए दिल से धन्यवाद देते हैं।”
— चिरंजीवी और सुरेखा
इस पोस्ट के बाद फैंस ने लगातार कमेंट्स और रीपोस्ट कर परिवार को शुभकामनाएं दीं।
1 फरवरी को तय थी डिलीवरी, 31 जनवरी को हुआ प्रसव
मिली जानकारी के अनुसार उपासना की डिलीवरी 1 फरवरी सुबह 9 बजे के लिए शेड्यूल थी, लेकिन किसी कारणवश 31 जनवरी को ही अपोलो हॉस्पिटल में डिलीवरी कराई गई।
खास बात यह है कि जिस अपोलो हॉस्पिटल में उपासना ने बच्चों को जन्म दिया, वह उसी संस्थान की वाइस प्रेसिडेंट भी हैं। माना जा रहा है कि आज चिरंजीवी इस विषय में मीडिया को संबोधित कर सकते हैं।
2012 में हुई थी रामचरण और उपासना की शादी
रामचरण और उपासना कोनिडेला की शादी साल 2012 में हुई थी। उपासना अपोलो चैरिटी की वाइस प्रेसिडेंट और बी पॉजिटिव मैगजीन की चीफ एडिटर हैं। वह अपोलो हॉस्पिटल के फाउंडर और एग्जीक्यूटिव चेयरमैन डॉ. प्रताप सी. रेड्डी की पोती हैं।
दोनों की दोस्ती 9वीं कक्षा से शुरू हुई थी। पढ़ाई के दौरान ही दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे थे। दिसंबर 2011 में सगाई और 14 जून 2012 को हैदराबाद के टेंपल ट्रीज फार्म हाउस में भव्य शादी हुई।
2023 में जन्मी थी पहली बेटी
20 जून 2023 को रामचरण और उपासना पहली बार माता-पिता बने थे। उस वक्त उनके घर बेटी का जन्म हुआ था। बेटी के जन्म के बाद रामचरण ने परिवार को पूरा समय दिया और निजी जीवन को प्राथमिकता दी।
अब जुड़वां बच्चों के आगमन के साथ कोनिडेला परिवार में खुशियां कई गुना बढ़ गई हैं।
गोद भराई में दिया था जुड़वां बच्चों का संकेत
कुछ समय पहले ही उपासना की गोद भराई का कार्यक्रम आयोजित हुआ था। इसी दौरान रामचरण और उपासना ने फैंस के साथ दूसरी बार माता-पिता बनने की खुशखबरी साझा की थी।
दिवाली के मौके पर उपासना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से गोद भराई का वीडियो शेयर करते हुए लिखा था—
“यह दीवाली रही दोगुनी खुशियों, दोगुने प्यार और दोगुने आशीर्वादों की।”
इस पोस्ट के बाद से ही फैंस जुड़वां बच्चों के कयास लगाने लगे थे, जो अब सच साबित हो गया।
फिल्म इंडस्ट्री और फैंस की ओर से बधाइयां
रामचरण के जुड़वां बच्चों के जन्म की खबर सामने आते ही साउथ और बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई सितारों ने उन्हें बधाई दी। सोशल मीडिया पर रामचरण, उपासना और चिरंजीवी ट्रेंड करने लगे।

