Assam में पीएम मोदी का बड़ा बयान: भाजपा पहली पसंद, देश गुड गवर्नेंस और विकास चाहता है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने Assam दौरे में कहा कि भाजपा देश की पहली पसंद बन चुकी है। कांग्रेस को जनता लगातार नकार रही है। काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर, नॉर्थ ईस्ट विकास, कनेक्टिविटी, वन्यजीव संरक्षण और चुनावी राजनीति पर पीएम ने खुलकर बात की।
Assam में पीएम मोदी का बड़ा बयान: भाजपा बनी देश की पहली पसंद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम के कलियाबोर में एक बड़े कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी अब देश के लोगों की पहली पसंद बन चुकी है। उन्होंने कहा कि देश का वोटर अब गुड गवर्नेंस और विकास चाहता है और इसी वजह से कांग्रेस को लगातार नकार रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि जिस महाराष्ट्र में कांग्रेस ने वर्षों तक शासन किया, वहीं से उसे जनता ने पूरी तरह खारिज कर दिया। आज कांग्रेस के पास न तो विकास का एजेंडा है और न ही सकारात्मक राजनीति का विजन।
Assam : काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर की आधारशिला, 7 हजार करोड़ की बड़ी परियोजना
प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान ₹6,957 करोड़ की लागत से बनने वाले काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर की आधारशिला रखी। यह कॉरिडोर लगभग 90 किलोमीटर लंबा होगा, जिसका उद्देश्य ट्रैफिक जाम को कम करना और काजीरंगा नेशनल पार्क के आसपास वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
पीएम ने कहा कि हर साल ब्रह्मपुत्र नदी का जलस्तर बढ़ने पर गैंडे और हाथी ऊंचे इलाकों की ओर जाते हैं, इस दौरान वे सड़कों पर फंस जाते हैं। इसी समस्या के समाधान के लिए यह एलिवेटेड कॉरिडोर तैयार किया जा रहा है।
Assam : दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री मोदी ने वर्चुअली दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इनमें
-
डिब्रूगढ़ से गोमती नगर (लखनऊ)
-
कामाख्या से रोहतक
शामिल हैं। पीएम ने कहा कि नॉर्थ ईस्ट की कनेक्टिविटी देश के विकास के लिए बेहद जरूरी है और केंद्र सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है।
नॉर्थ ईस्ट अब हाशिए पर नहीं, दिल्ली के पास है: मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि दशकों तक नॉर्थ ईस्ट के लोगों को लगता रहा कि देश का विकास कहीं और हो रहा है और वे पीछे छूट गए हैं। लेकिन 2014 के बाद इस सोच को बदला गया।
उन्होंने कहा,
“अब नॉर्थ ईस्ट हाशिए पर नहीं है, अब यह दिल्ली के पास है।”
पीएम ने दावा किया कि जहां कांग्रेस सरकार असम को करीब 2 हजार करोड़ रुपए देती थी, वहीं भाजपा सरकार 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक का सहयोग कर रही है।
कांग्रेस पर तीखा हमला: घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने असम की मिट्टी को घुसपैठियों को सौंप दिया। उनकी सरकारों के दौरान राज्य में घुसपैठ लगातार बढ़ती रही।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीति रही है—
“घुसपैठियों को बचाओ, उनकी मदद से सत्ता पाओ।”
पीएम ने बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की जनता ने इस राजनीति को नकार दिया और उन्हें विश्वास है कि असम की जनता भी यही करेगी।
विकास के साथ विरासत संभालने का उदाहरण है असम

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि असम आज दुनिया को यह दिखा रहा है कि विकास और विरासत साथ-साथ चल सकते हैं। काजीरंगा केवल एक नेशनल पार्क नहीं, बल्कि असम की आत्मा और भारत की बायो-डायवर्सिटी का अनमोल रत्न है।
उन्होंने बताया कि 2025 में राइनो शिकार की एक भी घटना सामने नहीं आई, जो राज्य सरकार और स्थानीय लोगों की इच्छाशक्ति का प्रमाण है।
पर्यावरण संरक्षण पर जोर, पेड़ बढ़े, टाइगर रिजर्व का दायरा बढ़ा
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में जंगलों में पेड़ों का कवरेज बढ़ा है। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है।
उन्होंने बताया कि 2014 के बाद देश में टाइगर रिजर्व का दायरा बढ़ा है और जो चीते भारत से विलुप्त हो गए थे, उन्हें दोबारा लाया गया है। आज चीता भी लोगों के लिए आकर्षण बन चुका है।
कांग्रेस की निगेटिव पॉलिटिक्स को देश नकार रहा: पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि देश अब निगेटिव पॉलिटिक्स को नकार रहा है। मुंबई, जहां कांग्रेस का जन्म हुआ था, वहीं आज वह चौथे-पांचवें नंबर की पार्टी बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में मुंबई जैसे बड़े शहर में भाजपा को रिकॉर्ड जीत मिली और उसकी खुशी काजीरंगा में भी मनाई जा रही है।
असम आकर मिलती है अलग खुशी: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें असम आकर हमेशा एक अलग खुशी मिलती है। उन्होंने काजीरंगा में बिताए अपने पुराने अनुभवों को याद करते हुए कहा कि एलीफेंट सफारी और नेशनल पार्क में रात्रि विश्राम उनके जीवन के खास पलों में शामिल हैं।
उन्होंने गुवाहाटी में आयोजित ‘बागुरुम्बा दोहोउ 2026’ के कलाकारों और आयोजकों की भी सराहना की।

