Moradabad Updates : होली पर अलर्ट मोड में मुरादाबाद पुलिस, एसएसपी सतपाल अंतिल ने दिए सख्त निर्देश
Moradabad Updates : मुरादाबाद में होली और होलिका दहन को लेकर पुलिस अलर्ट मोड में है। एसएसपी सतपाल अंतिल के निर्देशन में संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, डायल 112 अलर्ट, शांति समिति बैठकें और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष प्लान लागू किया गया है।
Moradabad Updates : होली पर अलर्ट मोड में मुरादाबाद पुलिस, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुरादाबाद जनपद में आगामी त्यौहार होलिका दहन एवं रंगोत्सव (होली) के दृष्टिगत कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुरादाबाद पुलिस ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। एसएसपी सतपाल अंतिल के निर्देशन में जिले भर में विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। पुलिस प्रशासन द्वारा संवेदनशील एवं घनी आबादी वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
होलिका दहन स्थलों, प्रमुख चौराहों, बाजारों तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि हर एक होलिका स्थान पर इंचार्ज की तैनाती की गई। वहीं सुरक्षा और व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए एक लोकल कमेटी का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि डीजे ऑनर को भी नोटिस दिए गए हैं।
त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। अफवाह फैलाने वालों या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही डायल 112 एवं अन्य आपात सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखा गया है। शहर में शांति समिति की बैठकों का आयोजन कर विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित किया गया है।
एसएसपी सतपाल अंतिल ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे होली का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ मनाएं। किसी भी विवाद की स्थिति में स्वयं कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। इसके अतिरिक्त, त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष प्लान तैयार किया गया है। मुख्य मार्गों पर यातायात पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है, जिससे जाम की स्थिति न बने और आमजन को असुविधा न हो। मुरादाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और त्योहार के दौरान हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

