Moradabad Updates : पशु चोरी का खुलासा, एक आरोपी फैसल को भेजा जेल, छह की तलाश जारी
Moradabad Updates : मुरादाबाद के डिलारी थाना क्षेत्र में पशु चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने दो चोरी हुए पशु बरामद कर आरोपी फैसल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। नईम अख्तर समेत छह अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
Moradabad Updates :पुलिस ने नईम अख्तर के घर से चोरी हुए पशु बरामद किए
मुरादाबाद : डिलारी थाना क्षेत्र के ग्राम मासूमपुर में हुई पशु चोरी की घटना का शुक्रवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में नईम अख्तर के घर से चोरी किए गए दो पशु जीवित बरामद किए। पुलिस ने एक आरोपी फैसल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि नईम अख्तर समेत छह अन्य आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। जिनकी तलाश में पुलिस जुट गई हैं।
ग्राम मासूमपुर निवासी पीड़ित दिलशाद हुसैन पुत्र सखावत हुसैन के घर से बीते 4 मई की रात अज्ञात चोरों ने तीन पशु चोरी किए थे। चोरी की सूचना मिलते ही पीड़ित ने ग्रामीणों और पुलिस के सहयोग से खोजबीन शुरू की।
मुखबिर की सटीक सूचना पर जब पुलिस ने भोजपुर के मोहल्ला कुरेशियान स्थित नईम अख्तर के घर पर छापेमारी की, तो वहां पीड़ित के दो पशु जीवित मिले। पुलिस ने मौके से आरोपी फैसल पुत्र शमीम निवासी भोजपुर को रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछताछ में फैसल ने कबूल किया कि उसने नईम अख्तर, आसिम, आरिफ, महबूब, फरमान और फाकिर के साथ मिलकर इस चोरी को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी फैसल को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर जब पुलिस आरोपी फाकिर के घर पहुंची, तो वहां से गायब तीसरी कटिया के कटे हुए सींग और खाल बरामद हुई।
पुलिस को देखकर फाकिर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। डिलारी पुलिस ने इस मामले में कुल सात लोगों को नामजद किया है। जिसमें पुलिस ने शुक्रवार को फैसल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि फरार आरोपियों में नईम अख्तर, फाकिर, आसिम, आरिफ, महबूब और फरमान की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। घटना में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी की भी तलाश जारी है।



