Jodhpur Updates : JNVU गेट पर NSUI कार्यकर्ताओं की तोड़फोड़, प्रदर्शनी साइन बोर्ड हटाया, वीडियो वायरल
![]()
Jodhpur Updates : जोधपुर के जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय में NSUI कार्यकर्ताओं ने मुख्य द्वार पर लगे प्रदर्शनी साइन बोर्ड और पोस्टर हटाकर तोड़फोड़ की। “भारत की विश्व विरासत: राजस्थान” प्रदर्शनी का उद्घाटन एक दिन पहले केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया था। घटना का वीडियो सामने आया है।
Jodhpur Updates : JNVU गेट पर NSUI कार्यकर्ताओं की तोड़फोड़
जोधपुर के जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय (JNVU) में शनिवार देर रात छात्र संगठन NSUI के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर लगे साइन बोर्ड और पोस्टरों को हटाकर तोड़फोड़ कर दी। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें कार्यकर्ता गेट पर लगे बोर्ड को गिराते हुए दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह घटना शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि करीब 2 बजे के आसपास हुई। कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर लगे प्रदर्शनी से जुड़े साइन बोर्ड और पोस्टर फाड़ दिए।
एक दिन पहले केंद्रीय मंत्री ने किया था उद्घाटन

दरअसल विश्वविद्यालय परिसर में “भारत की विश्व विरासत: राजस्थान” नामक प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन शनिवार को केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया था।
यह प्रदर्शनी विश्वविद्यालय के केंद्रीय कार्यालय परिसर में लगाई गई है। इसका आयोजन राष्ट्रीय अभिलेखागार और संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से किया जा रहा है।
प्रदर्शनी में राजस्थान की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी महत्वपूर्ण सामग्री और दस्तावेज प्रदर्शित किए गए हैं।
10 दिनों तक आम जनता के लिए खुली रहेगी प्रदर्शनी
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह प्रदर्शनी 10 दिनों तक आयोजित की जाएगी। इसे प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आम लोगों के लिए खोला गया है।
प्रदर्शनी का उद्देश्य राजस्थान की ऐतिहासिक धरोहर, संस्कृति और परंपराओं को लोगों के सामने लाना है। इसमें कई दुर्लभ दस्तावेज, चित्र और ऐतिहासिक जानकारी प्रदर्शित की जा रही है।
राजनीतिक प्रचार का लगाया आरोप

घटना के बाद छात्र नेता एमएल चौधरी ने कहा कि उन्होंने और उनके साथियों ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर लगी नाम पट्टिका पर लगाए गए सरकारी कार्यक्रम के प्रचारात्मक पोस्टरों को हटाया है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय एक शैक्षणिक और स्वायत्त संस्थान है और इसे किसी भी प्रकार के राजनीतिक या सरकारी प्रचार का माध्यम बनाना उचित नहीं है।
एमएल चौधरी के अनुसार पिछले कुछ समय से विश्वविद्यालय परिसर में सरकारी कार्यक्रमों और राजनीतिक प्रचार से जुड़े पोस्टर लगाए जा रहे हैं, जिससे विश्वविद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो सकता है।
विश्वविद्यालय की गरिमा बनाए रखने का दावा
NSUI जिला अध्यक्ष बबलू सोलंकी ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि NSUI का हमेशा से स्पष्ट मत रहा है कि विश्वविद्यालय परिसर केवल शिक्षा और शोध के लिए होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य और विश्वविद्यालय की गरिमा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। उनके अनुसार परिसर को किसी भी राजनीतिक या सरकारी प्रचार का मंच नहीं बनाया जाना चाहिए।
कार्यकर्ताओं की मौजूदगी
इस घटना में NSUI के कई कार्यकर्ता मौजूद बताए जा रहे हैं। इनमें बबलू सोलंकी, एमएल चौधरी, जुंझार सिंह चौधरी, इरशाद खान, रामलाल बिश्नोई और सुभाष चौहान सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।
घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल इस मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Read More : राजस्थान में बम धमाके की साजिश नाकाम, पाकिस्तान से भेजा IED, हनुमानगढ़ समेत तीन टारगेट

