Jaipur News : 18वीं नेटको कॉन्फ्रेंस, देशभर के ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स ने अंगदान प्रणाली पर चर्चा की
नेटवर्क एंड अलायंस ऑफ ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स (नेटको) और मोहन फाउंडेशन जयपुर सिटिज़न फोरम (एमएफजेसीएफ) के संयुक्त तत्वावधान में 10 और 11 अक्टूबर को आईआईएचएमआर यूनिवर्सिटी, जयपुर में 18वीं वार्षिक ‘नेटको’ कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। इस कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर करेंगे।
देशभर से आ रहे हैं विशेषज्ञ
इस दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस में देश के 15 राज्यों से 175 से अधिक ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। कॉन्फ्रेंस के दौरान अंगदान को बढ़ावा देने, ट्रांसप्लांट प्रक्रियाओं को सुचारू बनाने और संबंधित चुनौतियों पर गहन चर्चा की जाएगी।
ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स की भूमिका
एमएफजेसीएफ के अध्यक्ष श्री राजीव अरोड़ा ने बताया कि ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स अंगदान की प्रक्रिया में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। वे विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञों के साथ समन्वय स्थापित कर, अंगों की उपलब्धता, परिवहन, ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था सहित संपूर्ण प्रक्रिया को कुशलतापूर्वक संचालित करते हैं।

अनसंग हीरोज को समर्पित
नेटको की अध्यक्ष श्रीमती पल्लवी ने बताया कि ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स ‘अनसंग हीरोज’ हैं जो अंगदान की प्रक्रिया में मुख्य भूमिका निभाते हैं। इस वर्ष के कॉन्फ्रेंस में मोहन फाउंडेशन की कंट्री डायरेक्टर श्रीमती ललिता रघुराम के स्वर्गीय बेटे को समर्पित ‘बेस्ट ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर अवॉर्ड’ 2025 प्रदान किया जाएगा।

जागरूकता अभियान
एमएफजेसीएफ की संयोजक श्रीमती भावना जगवानी ने बताया कि राजस्थान पुलिस महानिदेशक श्री राजीव शर्मा मोहन फाउंडेशन द्वारा तैयार की गई 4 मिनट की शॉर्ट फिल्म को सोशल मीडिया पर साझा करेंगे। साथ ही आरएसआरटीसी की बसों पर अंगदान संबंधी पोस्टर्स लगाए गए हैं।

उल्लेखनीय उपलब्धियां
एमएफजेसीएफ ने अपनी स्थापना के बाद से 751 से अधिक अंगदान जागरूकता वार्ताएं आयोजित की हैं और 4 लाख से अधिक लोगों को जागरूक किया है। 76 डोनर्स के माध्यम से 252 लोगों को नया जीवन मिला है और 90,000 से अधिक लोगों ने अंगदान की शपथ ली है।
यह कॉन्फ्रेंस अंगदान प्रणाली को मजबूत बनाने और ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स की क्षमता विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

