Jaipur News: आधी रात को सड़कों पर उतरे मंत्री: झोटवाड़ा में विकास कार्यों का कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने किया निरीक्षण
कैबिनेट मंत्री, राजस्थान सरकार कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने आज रात 12:45 बजे झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया।

आज रात के निरीक्षण के दौरान कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कालवाड़ रोड, गोविंदपुरा होथोज लिंक रोड, खातीपुरा रोड, रंगोली गार्डन, महाराणा प्रताप रोड, लालरपुरा और धाबास में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से बारिश के बाद टूटी सड़कों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के आदेश दिए। उन्होंने कहा- सड़क निर्माण के साथ ही पानी की पाइपलाइन और सीवरेज लाइन का काम भी बेहतर ढंग से करने के निर्देश दिए। राठौड़ ने सड़कों की क्वालिटी वर्क को भी चेक किया।
राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा- बारिश के दौरान झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र की सड़कों पर जलभराव की समस्या सामने आई थी। क्योंकि पिछली सरकार ने झोटवाड़ा में ड्रेनेज सिस्टम को डेवलप नहीं किया। बारिश के पानी की निकासी तक की कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं थी।
सड़कें इंटरलॉकिंग से नहीं बनी थीं। सब जगह सिर्फ डामर की सड़क थीं। जहां पानी भरते ही सड़क और रास्ते नालों में तब्दील हो जाते हैं।
उनका यह ‘Action Mode’ दौरा इस संदेश के साथ है कि झोटवाड़ा का विकास 24×7 प्राथमिकता पर है और जनता से किया गया वादा हुआ पूरा। कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा, सड़क निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है। गुणवत्ता भी बेहतरीन है। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा, विकसित झोटवाड़ा हमारा संकल्प है और हम सब मिलकर इसे सिद्ध करेंगे।
पिछली सरकार ने जनता की आंखों में धूल झोंकी: राज्यवर्धन राठौड़
जयपुर। केंद्रीय मंत्री और झोटवाड़ा विधायक राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने पूर्ववर्ती सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने सड़कों के नाम पर केवल डामर का लेप लगाकर जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम किया। हर साल बारिश में डामर बह जाता था और फिर फंड स्वीकृत करवा लिया जाता था, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
राठौड़ ने कहा, “मैं उस नीति पर काम नहीं करना चाहता। हमारी सरकार पुख्ता समाधान की ओर बढ़ रही है। पानी का रास्ता रोकना संभव नहीं है, इसलिए हम ड्रेनेज सिस्टम को विकसित कर रहे हैं और इंटरलॉकिंग टाइल्स व सीमेंटेड सड़कें बना रहे हैं। झोटवाड़ा में कई विकास कार्य प्रगति पर हैं और विभिन्न विभागों के बीच तालमेल बनाकर काम किया जा रहा है।”
राज्यवर्धन राठौड़ ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा, “हमारी सरकार केंद्र और राज्य दोनों स्तरों पर पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है, लेकिन विपक्ष के नेता जनता को गुमराह करने में लगे हैं। कभी टोपी पहनते हैं, कभी टी-शर्ट बदलते हैं, और खुद की जासूसी के झूठे किस्से सुना कर ‘जग्गा जासूस’ जैसी कहानियां गढ़ते हैं। लेकिन अब जनता सब समझ चुकी है और इन चालों में नहीं आने वाली।”

