LPG Gas Crisis : ₹950 का सिलेंडर ₹3500 तक ब्लैक में बिक रहा, कई राज्यों में एजेंसियों पर लंबी लाइनें
![]()
LPG Gas Crisis : ईरान-इजराइल तनाव के बीच भारत में LPG गैस संकट गहरा गया है। कई राज्यों में गैस एजेंसियों पर सुबह से लंबी लाइनें लग रही हैं और घरेलू सिलेंडर 3500 रुपए तक ब्लैक में बिक रहा है। सरकार ने PNG उपभोक्ताओं के लिए LPG कनेक्शन पर नए नियम भी लागू किए हैं।
LPG Gas Crisis : भारत में LPG गैस संकट गहराया
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। देश के कई राज्यों में LPG गैस संकट गहराता जा रहा है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब-चंडीगढ़, हरियाणा और बिहार सहित कई जगहों पर गैस सिलेंडर के लिए लोगों को सुबह से ही गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कई स्थानों पर लोग सुबह 4 बजे से लाइन में लग रहे हैं, फिर भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।
₹950 का सिलेंडर ₹3500 में ब्लैक
गैस की कमी के कारण कई जगहों पर कालाबाजारी भी तेजी से बढ़ गई है। सामान्य तौर पर लगभग ₹950 में मिलने वाला घरेलू LPG सिलेंडर अब ब्लैक मार्केट में ₹3000 से ₹3500 तक में बेचा जा रहा है।
वहीं ₹2000 के आसपास मिलने वाला कमर्शियल सिलेंडर करीब ₹5000 तक में बेचा जा रहा है। प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है, लेकिन कई जगहों पर जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग की शिकायतें सामने आ रही हैं।
राजस्थान में LPG और CNG दोनों के लिए लाइन

राजस्थान में भी गैस संकट का असर साफ दिखाई दे रहा है। कई शहरों में गैस गोदामों और एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं।
इसके साथ ही CNG और LPG स्टेशनों पर भी भारी भीड़ देखने को मिल रही है। ऑटो और अन्य वाहनों की एक किलोमीटर तक लंबी लाइनें लग रही हैं। कई ड्राइवर पूरी रात स्टेशन के बाहर गुजार रहे हैं, लेकिन पर्याप्त गैस नहीं मिल पा रही।
उत्तर प्रदेश में जमाखोरी
उत्तर प्रदेश में स्थिति और गंभीर हो गई है। यहां जमाखोरों ने इस संकट को अवसर में बदल दिया है।
बताया जा रहा है कि गैस एजेंसियों की सामान्य डिलीवरी रोककर सिलेंडर को ढाई से साढ़े तीन गुना कीमत पर बेचा जा रहा है। जहां घरेलू सिलेंडर की कीमत करीब ₹950 है, वहीं ब्लैक मार्केट में इसे ₹3500 तक में बेचा जा रहा है।
बिहार में सुबह 4 बजे से लाइन
बिहार की राजधानी पटना में भी गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखी गईं। लोग सुबह 4 बजे से ही लाइन में खड़े हो रहे हैं।
दानापुर और बगहा जैसे क्षेत्रों में जब गैस सिलेंडर आने के बावजूद वितरण नहीं किया गया तो नाराज लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन भी किया।
पंजाब और चंडीगढ़ में अफरा-तफरी
पंजाब और चंडीगढ़ में भी गैस के लिए लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई शहरों में सुबह 4:30 बजे से ही लोग लाइन में लग रहे हैं।
अमृतसर और जालंधर में एजेंसियों के बाहर भारी भीड़ देखी गई। वहीं चंडीगढ़ में प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस निगरानी में गैस वितरण शुरू किया है।
मध्य प्रदेश में घंटों इंतजार

मध्य प्रदेश में भी लोग घरेलू गैस सिलेंडर के लिए 8-8 घंटे तक कतार में खड़े रह रहे हैं। कई बार घंटों इंतजार के बाद भी लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।
गैस संकट का असर होटल और रेस्टोरेंट पर भी पड़ा है। पिछले 6 दिनों से करीब 50 हजार होटल और रेस्टोरेंट को कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिले हैं। कई जगहों पर मेन्यू बदलना पड़ा है और कुछ रेहड़ियां बंद हो गई हैं।
हरियाणा में डीजल की मांग बढ़ी
गैस संकट के बीच हरियाणा में डीजल की मांग भी अचानक बढ़ गई है। लोग जरूरत से ज्यादा डीजल स्टॉक करने लगे हैं।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे पेट्रोल, डीजल और CNG की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करें और किसी भी उपभोक्ता को जरूरत से ज्यादा ईंधन न दें।
PNG कनेक्शन वालों के लिए नया नियम
गैस संकट को देखते हुए सरकार ने PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) उपभोक्ताओं के लिए नए नियम लागू किए हैं।
नए नियमों के अनुसार:
-
एक घर में PNG और LPG दोनों कनेक्शन रखना गैर-कानूनी होगा।
-
जिनके पास PNG कनेक्शन है, वे LPG सिलेंडर की रिफिलिंग नहीं करा सकेंगे।
-
जिनके पास दोनों कनेक्शन हैं, उन्हें LPG कनेक्शन सरेंडर करना होगा।
-
PNG उपभोक्ता अब नया LPG कनेक्शन नहीं ले सकेंगे।
LPG बुकिंग के नियम कई बार बदले
गैस की बढ़ती मांग को देखते हुए सरकार ने पिछले कुछ दिनों में कई बार नियमों में बदलाव किया है।
-
6 मार्च: LPG बुकिंग का लॉक-इन पीरियड 21 दिन किया गया।
-
9 मार्च: शहरों में इसे बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया।
-
12 मार्च: ग्रामीण क्षेत्रों में सिलेंडर बुकिंग का अंतर 45 दिन किया गया।
होर्मुज रूट से भारत आ रहे LPG जहाज
इस संकट के बीच एक राहत भरी खबर भी सामने आई है। भारत के दो LPG कैरियर जहाज ‘शिवालिक’ और ‘नंदा देवी’ होर्मुज मार्ग पार कर चुके हैं।
ये जहाज करीब 92,700 मीट्रिक टन LPG लेकर भारत आ रहे हैं और 16-17 मार्च तक मुंद्रा और कांडला बंदरगाह पहुंचने की उम्मीद है। इससे देश में गैस आपूर्ति में कुछ राहत मिल सकती है।
कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई फिर शुरू
सरकार ने कमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई पर लगी रोक भी हटा दी है। पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार देश के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फिर से कमर्शियल सिलेंडर का वितरण शुरू कर दिया गया है।
Read More : JNVU गेट पर NSUI कार्यकर्ताओं की तोड़फोड़, प्रदर्शनी साइन बोर्ड हटाया, वीडियो वायरल

