Gold Rate Today: सोने-चांदी की कीमतों ने बनाया नया रिकॉर्ड, डिमांड में तेजी का असर
इस हफ्ते सोने के दाम में बड़ी बढ़त रही। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार हफ्तेभर के कारोबार के बाद 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम 3,030 रुपए बढ़कर 1,02,388 रुपए पर पहुंच गया। पिछले हफ्ते के आखिरी दिन (शुक्रवार, 22 अगस्त) यह 99,358 रुपए पर था।

वहीं, चांदी की कीमत हफ्तेभर में 3,666 रुपए बढ़कर 1,17,572 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है। 22 अगस्त को एक किलो चांदी की कीमत 1,13,906 रुपए थी। अभी सोना और चांदी दोनों की कीमतें ऑल टाइम हाई पर हैं।
अमेरिका के टैरिफ और भू-राजनीतिक तनाव (Geopolitical Tension) के चलते सोने की मांग तेजी से बढ़ रही है। केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया का कहना है कि इसी वजह से इस साल सोने की कीमत ₹1,04,000 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है। वहीं, चांदी की कीमत ₹1,30,000 प्रति किलोग्राम तक जाने का अनुमान है।
सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें : हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। नए नियम के तहत एक अप्रैल से छह डिजिट वाले अल्फान्यूमेरिक हॉलमार्किंग के बिना सोना नहीं बिकेगा। जैसे आधार कार्ड पर 12 अंकों का कोड होता है, उसी तरह से सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड होगा। इसे हॉलमार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं।
ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव हो गया है कि कोई सोना कितने कैरेट का है।
कीमत क्रॉस चेक करें : सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है।
24 कैरेट सोने को सबसे शुद्ध सोना माना गया है, लेकिन इसकी ज्वेलरी नहीं बनती, क्योंकि वो बेहद मुलायम होता है। आमतौर पर ज्वेलरी के लिए 22 कैरेट या इससे कम कैरेट सोने का इस्तेमाल किया जाता है।

