Gold Price Today: सोने-चांदी की कीमतों ने बनाया नया रिकॉर्ड: इस साल अब तक 60% तक की बढ़ोतरी
सोना और चांदी के दामों में लगातार तेजी देखने को मिल रही है और दोनों ही धातुएं रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं। तेजी का मुख्य कारण भू-राजनीतिक तनाव और आर्थिक अनिश्चितता है। इस साल सोने में 49% और चांदी में 60% तक की वृद्धि हुई है।

सोने-चांदी के दाम सोमवार (29 सितंबर) को अपने नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गए हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 2,030 रुपए बढ़कर 1,15,292 रुपए पर पहुंच गया है। इससे पहले ये 1,13,262 रुपए पर था। वहीं, चांदी भी 6,000 रुपए बढ़कर 1,44,100 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इससे पहले ये 1,38,100 रुपए पर थी।
इस साल सोना ₹39,000 और चांदी ₹58,000 महंगी हुई
इस साल 2025 की शुरुआत से अब तक सोने की कीमत में ₹39,130 की तेज़ी आई है। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत ₹76,162 थी, जो अब बढ़कर ₹1,15,292 हो गई है। वहीं, चांदी की कीमत में ₹58,083 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले साल के अंत में चांदी ₹86,017 प्रति किलो थी, जो अब ₹1,44,100 प्रति किलो पर पहुंच गई है।
क्या सोना ₹1.55 लाख तक जा सकता है?
गोल्डमैन सैक्स की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, अगले साल तक सोना अंतरराष्ट्रीय बाजार में $5000 प्रति औंस तक जा सकता है। मौजूदा डॉलर-रुपया विनिमय दर के अनुसार, यह भारत में ₹1,55,000 प्रति 10 ग्रामतक पहुंच सकता है। ब्रोकरेज फर्म पीएल कैपिटल के डायरेक्टर संदीप रायचुराके मुताबिक, घरेलू बाजार में भी सोने के ₹1,44,000 प्रति 10 ग्राम तक पहुंचने की पूरी संभावना है।

