Moradabad Updates : भोजपुर में अकीदत और भाईचारे के साथ अदा हुई ईद की नमाज
![]()
Moradabad Updates : मुरादाबाद के भोजपुर-धर्मपुर में ईद-उल-फितर का पर्व भाईचारे और शांति के साथ मनाया गया। हजारों लोगों ने ईदगाह और मस्जिदों में नमाज अदा की। नगर इमाम मौलाना हनीफ मिस्बाही ने अमन-चैन और तरक्की की दुआ कराई। प्रशासन की सतर्कता में त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
Moradabad Updates : नगर इमाम ने कराई अमन-चैन की दुआ
मुरादाबाद : नगर पंचायत भोजपुर-धर्मपुर में शनिवार को ईद-उल-फितर का पर्व पूरे हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर की ईदगाह और विभिन्न मस्जिदों में हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक साथ नमाज अदा की। नमाज के दौरान लोगों ने सफों में खड़े होकर अल्लाह की इबादत की और मुल्क की खुशहाली के लिए दुआ मांगी। पूरा माहौल शांतिपूर्ण और अनुशासित रहा। नमाज के बाद नगर इमाम मौलाना हनीफ मिस्बाही ने विशेष दुआ कराई, जिसमें देश में अमन-चैन, तरक्की और आपसी भाईचारे के लिए दुआ मांगी गई।

उन्होंने कहा कि ईद का त्योहार हमें प्रेम, त्याग और इंसानियत का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस पर्व की भावना को अपने जीवन में उतारें और समाज में एकता बनाए रखें। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। ईदगाह परिसर में खुशियों का माहौल देखने को मिला। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के चेहरों पर खुशी झलक रही थी। बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दिया, वे नए कपड़े पहनकर और ईदी पाकर बेहद खुश नजर आए।
इस दौरान शराफत अंसारी डायरेक्टर यूपीका हैंडलूम कानपुर लोगों के बीच पहुंचे और गले मिलकर ईद की बधाई दी। उन्होंने कहा कि त्योहार समाज को जोड़ने का माध्यम होते हैं और हमें मिल-जुलकर इन्हें मनाना चाहिए। उन्होंने आपसी सौहार्द और भाईचारे को बनाए रखने की अपील की। ईद के मौके पर पूरे नगर में उत्साह का माहौल बना रहा। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिससे पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। भोजपुर में ईद-उल-फितर का त्योहार एक बार फिर आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

